रायगढ़ 20 मई (आरएनएस)अब हादसा हो, अपराध हो, आग लगे या किसी महिला-बच्चे पर संकट आए… रायगढ़ में मदद के लिए सिर्फ 112 डायल करना होगा और मिनटों में हाईटेक पुलिस, मेडिकल और इमरजेंसी टीम मौके पर दिखाई देगी। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले को “सीजी डॉयल-112 फेज-2 नेक्स्ट जेनरेशन” के तहत 16 अत्याधुनिक इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल की बड़ी सौगात मिली है, जिन्हें बुधवार को पुराना पुलिस लाइन रायगढ़ में आयोजित कार्यक्रम में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इन नई स्मार्ट गाड़ियों के सड़क पर उतरते ही रायगढ़ पुलिस की प्रतिक्रिया क्षमता कई गुना बढ़ गई है। कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह, महापौर जीवर्धन चौहान, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, जिला पंचायत सीईओ अभिजीत बबन पठारे और एडिशनल एसपी अनिल सोनी समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने बताया कि 4 सितंबर 2018 से सीमित जिलों में चल रही डायल-112 सेवा को अब फेज-2 नेक्स्ट जेनरेशन के तहत प्रदेश के सभी 33 जिलों तक विस्तार दिया गया है और पूरे राज्य में 400 अत्याधुनिक इमरजेंसी वाहन तैनात किए गए हैं, जिनमें रायगढ़ को 16 ERV वाहन मिले हैं। इन वाहनों में PTZ कैमरा, डैश कैमरा, GPS डिवाइस, मोबाइल डेटा टर्मिनल और स्मार्ट मोबाइल फोन जैसे आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं, जिससे कंट्रोल रूम से लाइव ट्रैकिंग और घटनास्थल पर त्वरित कार्रवाई संभव होगी। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब सिर्फ पुलिस ही नहीं बल्कि मेडिकल सेवा, फायर ब्रिगेड, आपदा प्रबंधन, चाइल्ड हेल्पलाइन, महिला हेल्पलाइन और नेशनल हाईवे इमरजेंसी सेवाओं को भी 112 नंबर से जोड़ दिया गया है। यानी एक नंबर और हर संकट का समाधान। रायपुर में बनाए गए अत्याधुनिक C4 कमांड एंड कंट्रोल सेंटर से इस पूरी व्यवस्था की निगरानी होगी। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने इसे सरकार की सबसे महत्वपूर्ण योजनाओं में से एक बताते हुए कहा कि अब कैबिनेट के फैसले जमीन पर दिखाई देने लगे हैं और इसका सीधा फायदा आम लोगों को मिलेगा। वहीं एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा कि रायगढ़ पुलिस तकनीक आधारित आधुनिक पुलिसिंग को लगातार मजबूत कर रही है ताकि हर नागरिक को तेज, भरोसेमंद और प्रभावी सहायता मिल सके। कार्यक्रम के अंत में सभी 16 हाईटेक इमरजेंसी वाहनों को रवाना किया गया और पूरा पुलिस लाइन सायरन, फ्लैश लाइट और सुरक्षा के नए भरोसे से गूंज उठा। बहरहाल, रायगढ़ में अब पुलिस सिर्फ वर्दी नहीं बल्कि टेक्नोलॉजी की रफ्तार के साथ दौड़ेगी और संकट में फंसे लोगों के लिए 112 सबसे बड़ा सुरक्षा कवच बनकर सामने आएगा।

