मुंगेली 20 मई (आरएनएस) अब हादसा, मारपीट, आगजनी या महिला सुरक्षा जैसी किसी भी आपात स्थिति में मदद के लिए घंटों इंतजार नहीं करना पड़ेगा, क्योंकि जिले की सड़कों पर हाईटेक डायल-112 सेवा की नई ताकत उतर चुकी है। कलेक्ट्रेट परिसर मुंगेली में बुधवार को आयोजित कार्यक्रम में विधायक पुन्नू लाल मोहले, जिला कलेक्टर कुंदन कुमार और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने जिले के सात थाना क्षेत्रों के लिए आधुनिक डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन नई इमरजेंसी रिस्पांस व्हीकल्स के सड़क पर उतरते ही मुंगेली जिले की पुलिस व्यवस्था और आपातकालीन सहायता प्रणाली को नई रफ्तार मिल गई है।
केंद्र सरकार और छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी योजना के तहत पूरे प्रदेश में 400 अत्याधुनिक ERV वाहन तैयार किए गए हैं, जिनमें से मुंगेली जिले को 7 वाहन मिले हैं। इन वाहनों में हाईटेक कैमरा, डैश कैमरा, GPS डिवाइस, मोबाइल डाटा टर्मिनल और स्मार्ट मोबाइल फोन जैसे आधुनिक उपकरण लगाए गए हैं, जिससे कंट्रोल रूम से लोकेशन ट्रैकिंग और त्वरित रिस्पांस आसान हो जाएगा। जिले के सिटी कोतवाली मुंगेली, जरहागांव, सरगांव, फास्टरपुर, लोरमी, चिल्फी और लालपुर पथरिया थाना क्षेत्रों में इन वाहनों की तैनाती की गई है।
अब सड़क दुर्घटना, झगड़ा, महिला सुरक्षा, मेडिकल इमरजेंसी, आगजनी और अन्य संकट की स्थिति में सिर्फ 112 नंबर डायल करते ही पुलिस, एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसी सेवाएं तुरंत सक्रिय हो जाएंगी। कार्यक्रम में वनमंडलाधिकारी अभिनव कुमार, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, जिला पंचायत सीईओ प्रभाकर पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, डीएसपी हरविन्दर सिंह और नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। कलेक्टर कुंदन कुमार ने कहा कि डायल-112 सेवा संकट की घड़ी में लोगों के लिए सबसे बड़ी राहत साबित होगी, जबकि एसएसपी भोजराम पटेल ने बताया कि कॉल मिलते ही सिस्टम कॉलर की लोकेशन ट्रैक कर सबसे नजदीकी वाहन को मौके पर रवाना करेगा। कार्यक्रम के दौरान पुलिस सायरन और चमचमाती नई गाड़ियों ने लोगों में सुरक्षा का भरोसा और उत्साह दोनों बढ़ा दिया। बहरहाल, मुंगेली में अब पुलिस सिर्फ चौकी और थानों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि 112 की रफ्तार के साथ हर गली, हर गांव और हर संकट तक मिनटों में पहुंचती नजर आएगी।

