महासमुंद, 09 जुलाई (आरएनएस)। जिले में अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए महासमुंद पुलिस द्वारा चलाए गए विशेष अभियान के तहत छह दिनों में बड़ी कार्रवाई करते हुए 150 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। अभियान के दौरान 29 स्थायी वारंटी और 121 गिरफ्तारी वारंटी की तामिली की गई। वहीं, चेक बाउंस के सात मामलों में भी वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
पुलिस के अनुसार, 3 जुलाई से 8 जुलाई 2026 तक जिलेभर में विशेष सर्च अभियान चलाया गया। इसके लिए सभी अनुविभागों में अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया, जिन्होंने लंबे समय से फरार वारंटियों की तलाश कर उन्हें गिरफ्तार किया। अभियान में स्थानीय न्यायालयों के साथ-साथ अन्य जिलों के न्यायालयों से जारी वारंटों की भी तामिली की गई।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार स्थायी वारंटियों में आबकारी अधिनियम, मारपीट, गाली-गलौज, दुर्घटना, चोरी, महिला संबंधी अपराध तथा एनआई एक्ट (चेक बाउंस) से जुड़े मामलों के आरोपी शामिल हैं।
अनुविभागवार कार्रवाई में महासमुंद, बागबाहरा, पिथौरा और सरायपाली क्षेत्र के विभिन्न थानों ने वारंटियों की गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सबसे अधिक गिरफ्तारी वारंटों की तामिली सिंघोड़ा थाना क्षेत्र में की गई, जहां 26 गिरफ्तारी वारंट निष्पादित किए गए।
पुलिस ने बताया कि इससे पहले 1 जून से 5 जून तक चलाए गए विशेष अभियान में भी 120 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया था।

महासमुंद पुलिस का कहना है कि न्यायालयों द्वारा जारी स्थायी, गिरफ्तारी और जमानती वारंटों की त्वरित तामिली के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि जिले में शांति व्यवस्था भंग करने वाले और फरार आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
0

