धमतरी, 09 जुलाई (आरएनएस)। जिले के केरेगांव थाना क्षेत्र में प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी के प्रेमी को घर में सोता देख पति ने तैश में आकर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम बाजार कुर्रीडीह, स्कूलपारा निवासी पूर्णिमा सोरी का पिछले करीब एक वर्ष से शंकर सूर्यवंशी, निवासी नगरी तहसील दलौदा, जिला मंदसौर (मध्यप्रदेश) के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। शंकर अक्सर उससे मिलने गांव आता-जाता था। करीब 15 दिन पहले पूर्णिमा अपनी दो बेटियों के साथ शंकर के घर भी गई थी और कुछ दिन वहां रहने के बाद वापस लौट आई थी।
पुलिस के मुताबिक, 8 जुलाई 2026 की शाम करीब 7 बजे शंकर सूर्यवंशी फिर से पूर्णिमा के घर पहुंचा। रात में भोजन के बाद पूर्णिमा, उसका पति योगेंद्र सोरी, दोनों बच्चे और शंकर एक ही हॉल में सो गए।
बताया गया कि देर रात करीब 3 बजे योगेंद्र सोरी ने सो रहे शंकर सूर्यवंशी के गले पर कुल्हाड़ी से प्राणघातक वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल शंकर को तत्काल 108 एम्बुलेंस की मदद से जिला अस्पताल धमतरी ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही केरेगांव पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त कर आरोपी योगेंद्र सोरी (38 वर्ष), निवासी ग्राम बाजार कुर्रीडीह, स्कूलपारा, थाना केरेगांव, जिला धमतरी को हिरासत में लिया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर उसके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया।
धमतरी पुलिस ने बताया कि आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी हुई है।
0

