सूरजपुर, 09 जुलाई (आरएनएस)। नशा मुक्त समाज के निर्माण के उद्देश्य से सूरजपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘नवजीवन अभियानÓ के तहत जिले में अब तक का सबसे बड़ा जनजागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान 69 हजार 218 ग्रामीणों, विद्यार्थियों, शिक्षकों, युवाओं, महिलाओं, अधिवक्ताओं और आम नागरिकों ने नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने की शपथ ली।
जिले के 509 स्थानों पर आयोजित शपथ कार्यक्रमों में कलेक्टर रेना जमील और डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने भी हिस्सा लेकर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और नागरिकों को नशे को ना, जिंदगी को हां का संदेश दिया।

कलेक्टर रेना जमील ने कहा कि एक ही दिन में जिले के सभी गांवों, पंचायत भवनों, स्कूलों और कॉलेजों में इस तरह का महाअभियान आयोजित करना सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य, परिवार, सामाजिक जीवन और भविष्य पर गंभीर दुष्प्रभाव डालता है। युवाओं से उन्होंने शिक्षा, खेल और सकारात्मक गतिविधियों से जुडऩे तथा समाज में जागरूकता फैलाने की अपील की।
डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि 7 जुलाई को जिले के सभी थाना-चौकी प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों ने पंचायत भवनों, स्कूलों, कॉलेजों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर शपथ कार्यक्रम आयोजित किए। उन्होंने कहा कि ‘नवजीवन अभियानÓ केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज को सुरक्षित और स्वस्थ बनाने का जनआंदोलन है। यदि इस अभियान से कुछ लोगों को भी नशे की लत से बचाया जा सका, तो यह प्रयास सफल माना जाएगा।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश देवांगन ने थाना कोतवाली क्षेत्र में स्कूली बच्चों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। वहीं जिलेभर में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने लोगों को नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए उन्हें स्वयं नशा न करने और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प दिलाया।
अभियान के तहत सबसे अधिक शपथ कार्यक्रम आयोजित करने में थाना प्रतापपुर प्रथम रहा, जहां 59 स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए गए। थाना झिलमिली ने 58 कार्यक्रमों के साथ दूसरा तथा थाना भटगांव ने 48 कार्यक्रमों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।
सूरजपुर पुलिस ने बताया कि ‘नवजीवन अभियानÓ आगे भी लगातार जारी रहेगा। इसके तहत विद्यालयों, महाविद्यालयों और ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंवाद, पुलिस जनचौपाल, जागरूकता रैली, चलित थाना और शपथ समारोह आयोजित कर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया जाएगा।
0

