बलौदाबाजार 20 मई (आरएनएस) सिर्फ एक कॉल और मिनटों में पुलिस आपके दरवाजे पर… बलौदाबाजार-भाटापारा में अब अपराधियों, हादसों और आपात स्थितियों से निपटने के लिए “नेक्स्ट जेन CG Dial 112” की हाईटेक ताकत सड़कों पर उतर चुकी है। जिले में 12 अत्याधुनिक डायल-112 वाहन, 2 हाईवे पेट्रोलिंग यूनिट और 1 मोबाइल फॉरेंसिक वैन को बुधवार सुबह रक्षित केंद्र बलौदाबाजार से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। छत्तीसगढ़ शासन के राजस्व एवं आपदा प्रबंधन मंत्री टंकराम वर्मा ने जिला कलेक्टर कुलदीप शर्मा और पुलिस अधीक्षक ओ.पी. शर्मा की मौजूदगी में इन वाहनों को रवाना किया। राजधानी रायपुर से हाल ही में शुरू हुए राज्यव्यापी इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम के तहत जिले को यह नई तकनीकी ताकत मिली है, जिससे अब शहर ही नहीं बल्कि गिधौरी, गिधपुरी, राजादेवरी और वनांचल के दूरस्थ इलाकों तक भी पुलिस सहायता बेहद तेजी से पहुंचेगी। इन वाहनों में स्मार्टफोन, जीपीएस ट्रैकिंग सिस्टम, वायरलेस रेडियो, पीटीजेड कैमरा, डैश कैम, मोबाइल एनवीआर और सोलर बैकअप जैसी आधुनिक तकनीकें लगाई गई हैं, जिससे कंट्रोल रूम से लाइव मॉनिटरिंग, रियल टाइम लोकेशन ट्रैकिंग और तुरंत संचार संभव होगा। जिले के गिधौरी, कसडोल, सिमगा, गिधपुरी, पलारी, सिटी कोतवाली, सुहेला, भाटापारा शहर, भाटापारा ग्रामीण, राजादेवरी, हथबंद और लवन थाना क्षेत्रों में इन वाहनों की तैनाती की गई है। पुलिस के मुताबिक अब सड़क दुर्घटना, अपराध, घरेलू हिंसा, आगजनी या किसी भी संकट की स्थिति में नागरिक सिर्फ 112 नंबर डायल कर तत्काल मदद पा सकेंगे। खास बात यह है कि यह सेवा सिर्फ फोन कॉल तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि एसएमएस, ईमेल, वेब पोर्टल, व्हाट्सएप, चैटबॉट और SOS-112 इंडिया ऐप के जरिए भी सहायता मांगी जा सकेगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, जिला पंचायत सीईओ दिव्या अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमसागर सिदार और नगर पालिका अध्यक्ष अशोक जैन समेत कई जनप्रतिनिधि और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री टंकराम वर्मा ने कहा कि नई डायल-112 सेवा से पुलिस रिस्पॉन्स टाइम में भारी कमी आएगी और कॉल के कुछ ही मिनटों में पुलिस मौके पर पहुंचेगी। वहीं एसपी ओ.पी. शर्मा ने लोगों से अपील की कि किसी भी आपात स्थिति में बिना घबराए तुरंत 112 नंबर डायल करें। बहरहाल, हाईटेक कैमरों और जीपीएस से लैस ये नई पुलिस गाड़ियां अब सिर्फ पेट्रोलिंग नहीं करेंगी, बल्कि हर कॉल पर “मदद की दौड़” बनकर जिले की सुरक्षा व्यवस्था का नया चेहरा साबित होंगी।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

