नईदिल्ली,20 मई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 64वें मैच में राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 93 रन की जोरदार पारी खेली। सूर्यवंशी अपने युवा करियर के तीसरे शतक से चूक गए। उन्होंने जीत के लिए मिले 221 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उनकी पारी की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने 7 विकेट से जीत दर्ज की और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
सूर्यवंशी ने अपनी शुरुआती 12 गेंदों में 11 रन बनाते हुए संभलकर बल्लेबाजी की। क्रीज पर टिकने के बाद उन्होंने रन गति में इजाफा किया और 23 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने मयंक यादव के एक ओवर में लगातार 2 छक्के भी लगाए। वह 38 गेंदों में 93 रन बनाकर आउट हुए। अपनी पारी में उन्होंने 7 चौके और 10 छक्के लगाए। उनकी पारी का अंत मोहसिन खान ने किया।
सूर्यवंशी अब आईपीएल के एक सीजन में 50 से अधिक छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बने। उन्होंने अब तक 53 छक्के लगा लिए हैं। एक सीजन में उनसे ज्यादा छक्के सिर्फ क्रिस गेल (59) ने लगाए हुए हैं।
सूर्यवंशी का आईपीएल 2026 में अब तक का प्रदर्शन बेहतरीन रहा है। वह इस सीजन में अब तक 13 मैच खेल चुके हैं, जिसमें लगभग 45 की औसत और 236.32 की स्ट्राइक रेट से 579 रन बना चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 3 अर्धशतक के अलावा एक शतक भी अपने नाम किया है। वह ऑरेंज कैप की दौड़ में शीर्ष पायदान पर पहुंच गए हैं। इस मामले में उन्होंने मिचेल मार्श (563) को पीछे छोड़ा।
सूर्यवंशी ने पिछले साल ही लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ अपने आईपीएल करियर का आगाज किया था। वह अब तक 20 मुकाबलों में 41.55 की औसत और 226.43 की स्ट्राइक रेट से 831 रन अपने नाम कर चुके हैं। इसमें 1 शतक और 4 अर्धशतक शामिल है। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 101 रन का रहा है। वह आईपीएल के इतिहास में सबसे तेज शतक (35 गेंद) लगाने वाले भारतीय बल्लेबाज हैं।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

