दंतेवाड़ा 20 मई (आरएनएस) अब दंतेवाड़ा में हादसा हो, अपराध हो या हाईवे पर संकट, मदद के लिए पुलिस का इंतजार लंबा नहीं होगा, क्योंकि जिले में डायल-112 आपातकालीन सेवा और हाईवे पेट्रोलिंग की शुरुआत कर दी गई है। 20 मई 2026 को दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अट्टामी और जिला पंचायत अध्यक्ष नंदलाल मुड़ामी ने इस हाईटेक सेवा का शुभारंभ किया और पुलिस अधीक्षक गौरव राय के साथ डायल-112 वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। शुरुआती चरण में यह सेवा थाना दंतेवाड़ा, गीदम, बचेली और किरंदुल क्षेत्र में शुरू की गई है, जहां अब किसी भी आपात स्थिति में नागरिक सिर्फ “112” डायल कर तत्काल पुलिस सहायता प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक गौरव राय ने बताया कि यह सेवा 24 घंटे सक्रिय रहेगी और पुलिस, चिकित्सा समेत अन्य जरूरी आपात सेवाओं को तेजी से घटनास्थल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि डायल-112 का मकसद सिर्फ कॉल रिसीव करना नहीं, बल्कि संकट की घड़ी में लोगों तक सबसे तेज मदद पहुंचाना है। शुभारंभ कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन, एसडीओपी राहुल उइके, गोविंद दीवान, नसरुल्ला सिद्दीकी, रक्षित निरीक्षक सुशील नौटियाल, थाना कोतवाली प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिन्हा और डायल-112 प्रभारी उपनिरीक्षक रूपेश नारंग समेत पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। हाईवे पेट्रोलिंग और डायल-112 सेवा के शुरू होने से अब सड़क हादसों, अपराध और आकस्मिक घटनाओं में त्वरित कार्रवाई का रास्ता और मजबूत होगा। बहरहाल, दंतेवाड़ा में शुरू हुई यह नई व्यवस्था सिर्फ तकनीक नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा और भरोसे को तेज रफ्तार देने वाली बड़ी पहल मानी जा रही है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

