दुर्ग 20 मई ( आरएनएस) बीमा में मोटा फायदा और इलेक्ट्रॉनिक सामान बेचकर डबल मुनाफे का सपना दिखाकर भिलाई के एक परिवार से 38 लाख 30 हजार रुपये ऐंठने वाले दो शातिर ठग आखिरकार दुर्ग पुलिस के हत्थे चढ़ गए, जबकि उनका एक साथी अब भी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। पूरा मामला थाना भिलाई भट्ठी क्षेत्र का है, जहां 17 मई 2026 को भिलाई निवासी संतोष कुमार ने शिकायत दर्ज कराई कि वर्ष 2022 में अपनी बीमा पॉलिसी मैच्योर होने पर वह सिविक सेंटर स्थित बीमा कार्यालय गया था। वहीं उसकी मुलाकात खुद को बीमा एजेंट बताने वाले के. देवासहायम से हुई। आरोपी ने उसे ज्यादा रिटर्न और भारी लाभ देने वाली बीमा योजनाओं का लालच दिया। भरोसा जीतने के बाद आरोपियों ने प्रार्थी और उसके परिवार के सदस्यों के नाम पर अलग-अलग बीमा कराने के बहाने किस्तों में चेक और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन के जरिए 31 लाख 30 हजार रुपये वसूल लिए। इतना ही नहीं, आरोपियों ने सुपर बाजार से करीब 7 लाख रुपये के इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदवाकर उन्हें अधिक मुनाफे में बेचने का झांसा भी दिया। धीरे-धीरे पूरा खेल सामने आया जब प्रार्थी ने बीमा से जुड़े असली दस्तावेज मांगे। आरोपी लगातार बहाने बनाते रहे और बाद में जान से मारने तक की धमकी दे डाली। शिकायत मिलते ही थाना भिलाई भट्ठी पुलिस हरकत में आई। मामले की जांच शुरू हुई। बैंकिंग रिकॉर्ड, चेक और ऑनलाइन लेनदेन के दस्तावेज खंगाले गए। तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की भूमिका स्पष्ट हुई। इसके बाद पुलिस ने सेक्टर-06 भिलाई निवासी 29 वर्षीय के. रवि कुमार और 26 वर्षीय के. राजेश कुमार, वर्तमान निवासी सेक्टर-07 भिलाई को 17 मई 2026 को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। मामले में एक अन्य आरोपी अब भी फरार है, जिसकी तलाश जारी है। पुलिस ने प्रकरण से जुड़े दस्तावेज, बैंकिंग ट्रांजेक्शन रिकॉर्ड, चेक और ऑनलाइन भुगतान से संबंधित अहम साक्ष्य जब्त किए हैं। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी भिलाई भट्ठी निरीक्षक प्रकाश कांत, सउनि पुनीत राम वर्मा और प्रधान आरक्षक पुरुषोत्तम साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी बीमा, निवेश या ज्यादा मुनाफे वाली स्कीम में पैसा लगाने से पहले एजेंट और संस्था की सच्चाई जरूर जांचें, क्योंकि लालच का यही खेल कई परिवारों की जिंदगीभर की कमाई निगल रहा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

