महासमुंद 20 मई (आरएनएस)घर बनाने का सपना पूरा करने के लिए अटल आवास, केसीसी लोन और धान बिक्री से जोड़े गए 2 लाख 30 हजार रुपये जब घर की पेटी से गायब हुए तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई, लेकिन सांकरा पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि महज 48 घंटे के भीतर न सिर्फ आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गया बल्कि चोरी की पूरी रकम भी नगद बरामद कर ली गई। मामला महासमुंद जिले के थाना सांकरा क्षेत्र का है, जहां प्रार्थी देवेंद्र जोशी ने 18 मई 2026 को थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि 16 मई की रात उसके घर में रखी पेटी से 2,30,000 रुपये चोरी हो गए। यह रकम अटल आवास योजना, केसीसी लोन और धान बिक्री से जुटाई गई थी, जिसे परिवार नए घर के निर्माण के लिए संभालकर रखे हुए था। शिकायत मिलते ही थाना सांकरा पुलिस ने अपराध क्रमांक 99/26 के तहत धारा 305(ए), 331(4) बीएनएस में मामला दर्ज किया और तत्काल जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मुखबिर तंत्र सक्रिय किया, संदिग्धों की सूची तैयार की और लगातार निगरानी शुरू कर दी। जांच के दौरान पुलिस की नजर सावित्रीपुर निवासी 42 वर्षीय शिशुपाल धुवल पिता महावीर धुवल पर जाकर टिकी। शुरुआत में आरोपी पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन जब पुलिस ने मनोवैज्ञानिक तरीके से पूछताछ की तो आखिरकार उसका झूठ टूट गया। आरोपी ने 16 मई की रात देवेंद्र जोशी के घर में चोरी करना कबूल कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर चोरी की पूरी नगदी 2 लाख 30 हजार रुपये बरामद कर ली गई, जिसे उसने छुपाकर रखा था। पुलिस ने रकम जब्त कर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि सक्रिय मुखबिर तंत्र, साइबर इनपुट और तेज पुलिसिंग अपराधियों की हर चाल पर भारी पड़ सकती है। बहरहाल, सांकरा पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई ने पीड़ित परिवार को राहत दी है और अपराधियों को साफ संदेश भी—अब चोरी के बाद बच निकलना आसान नहीं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

