नईदिल्ली,20 मई। भारत के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2026 में रिकॉर्ड पर रिकॉर्ड बनाता जा रहा है. हाल ही में उसने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है, जो आज तक रोहित शर्मा जैसा धाकड़ बल्लेबाज भी नहीं हासिल कर सका. वैभव आईपीएल के एक सीजन में 50 छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बन गए हैं.
15 वर्षीय वैभव ने ये कारनामा जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच हुए मैच के दौरान किया. सूर्यवंशी ने 38 गेंदों पर 93 रनों की तूफानी पारी खेली, जिसमें उन्होंने जोरदार हिटिंग का शानदार प्रदर्शन करते हुए सात चौके और 10 छक्के लगाए.
इसके साथ आईपीएल 2026 में वैभव के छक्कों की कुल संख्या 53 हो गई. वो अब क्रिस गेल (2012, 2013) और आंद्रे रसेल (2019) के बाद एक ही आईपीएल सीजन में 50 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाला तीसरा बल्लेबाज बन गया.
53 छक्कों के साथ वैभव आईपीएल सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं. उन्होंने 2019 में आंद्रे रसेल के 52 छक्के और 2013 में क्रिस गेल 51 छक्के के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया है. इस लिस्ट में पहले नंबर पर अभी भी क्रिस गेल ही हैं, जिन्होंने 2012 में 59 छक्के लगाए थे.
सूर्यवंशी के अब इस चल रहे एडिशन में 13 मैचों में 53 छक्के हो गए हैं. अभी राजस्थान का एक लीग मैच बचा है और अगर वो प्लेऑफ में पहुंच जाते हैं तो फिर गेल का रिकॉर्ड टूटने से कोई नहीं बचा सकता. क्योंकि वह वेस्ट इंडीज के इस महान खिलाड़ी के पुराने रिकॉर्ड से सिर्फ छह छक्के ही पीछे हैं.
मैच की बात करें तो राजस्थान रॉयल्स ने 221 रनों के लक्ष्य को वैभव और ध्रुव की वजह से ही 5 गेंद शेष रहते ही हासिल कर लिया. वैभव ने 38 गेंद में 93 और ध्रुव ने 38 गेंद में 53 रनों की पारी खेली. जबकि जायसवाल ने भी 23 गेंदों में 43 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम को शानदार शुरुआत दी थी. इससे पहले लखनऊ सुपरजायंट्स मिशेल मार्श के 57 गेंद में 96 और जोश इंग्लिस के 29 गेंद में 60 रनों की बदौलत 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाने में सफल रही थी.
इस जीत के साथ राजस्थान अंक तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गई है. उसके 13 मैच में 7 जीत के साथ कुल 14 पॉइंट्स हो गए है. अगर वो अपना आखिरी लीग मैच मुंबई इंडियंस से जीत जाते हैं तो वो प्लेऑफ के लिए सीधे क्वालीफाई कर जाएंगे. उनका आखिरी लीग मैच 24 मई को खेला जाएगा. इस मैच के बाद ही ये तय हो पाएगा की आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम कौन सी होगी.
००

