०7 दिन में मांगी अनुपालन रिपोर्ट
सुकमा,20 मई (आरएनएस)। जिला पंचायत सभा कक्ष में बुधवार को मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुन्द ठाकुर की अध्यक्षता में महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) एवं प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और समय-सीमा के पालन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में सीईओ ठाकुर ने मनरेगा के तहत मानव दिवस सृजन लक्ष्य के अनुरूप रोजगार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने सभी कार्यक्रम अधिकारियों एवं तकनीकी सहायकों को निर्देशित किया कि लक्ष्य के अनुसार मानव दिवस सृजन सुनिश्चित किया जाए, साथ ही श्रमिकों का लंबित ई-केवाईसी कार्य तत्काल पूर्ण कराया जाए। इसके अलावा मनरेगा अंतर्गत स्वीकृत कार्यों की विभिन्न चरणों की जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए गए, ताकि कार्यों की निगरानी एवं पारदर्शिता बनी रहे। प्रधानमंत्री आवास योजना की समीक्षा करते हुए सीईओ ने हितग्राहियों को अधिकतम लाभ दिलाने के उद्देश्य से 90 मानव दिवस उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र हितग्राही लाभ से वंचित न रहे। उन्होंने अंतिम चरण में चल रहे कार्यों को शीघ्र पूर्ण कर क्लोजर रिपोर्ट अपलोड करने तथा डबरी, तालाब जैसे मिट्टी कार्यों को बारिश से पूर्व प्राथमिकता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही लंबे समय से लंबित अधूरे कार्यों की तकनीकी व व्यावहारिक समीक्षा कर शीघ्र पूर्ण कराने या नियमानुसार निरस्त/वसूली की कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में जिला सीईओ ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी अधिकारी 07 दिवस के भीतर किए गए कार्यों का पालन प्रतिवेदन जिला पंचायत कार्यालय में अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करेंगे।
०००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

