मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी 20 मई (आरएनएस) रात के अंधेरे में घर में घुसकर दो मोबाइल पार करने वाला शातिर युवक पुलिस की साइबर ट्रैकिंग से बच नहीं पाया और खड़गांव पुलिस ने वारदात के महज चंद घंटों के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी का माल बरामद कर जेल पहुंचा दिया। मामला मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले के थाना खड़गांव क्षेत्र का है, जहां ग्राम खड़गांव निवासी 46 वर्षीय कुमार पटेल ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि 19 मई 2026 की रात करीब 1 बजे से सुबह 5 बजे के बीच कोई अज्ञात चोर घर के पीछे वाड़ी जाने वाले दरवाजे की कुंडी खोलकर अंदर घुसा और बिजली बोर्ड के पास रखे रैक से एक पोको कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल और एक आईटेल कंपनी का की-पैड मोबाइल चोरी कर फरार हो गया। चोरी गए मोबाइलों की कुल कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई। शिकायत मिलते ही थाना खड़गांव में अपराध क्रमांक 38/26 धारा 305(क), 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पीताम्बर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ऑप्स श्री देवचरण पटेल और एसडीओपी मानपुर श्री विनोद कुमार मिंज के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी उप निरीक्षक गणेश यादव के नेतृत्व में टीम बनाई गई। पुलिस ने साइबर सेल मोहला की तकनीकी मदद ली और मोबाइल लोकेशन के आधार पर संदेही सागर कुमार रावटे पिता जितेंद्र रावटे उम्र 18 वर्ष 11 माह निवासी खड़गांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। शुरुआत में बचने की कोशिश करने वाला युवक आखिरकार टूट गया और चोरी की पूरी वारदात कबूल कर ली। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया पोको कंपनी का टच स्क्रीन मोबाइल और क्षतिग्रस्त हालत में आईटेल कंपनी का की-पैड मोबाइल गवाहों के सामने जब्त किया गया। पुलिस ने आरोपी को 20 मई 2026 की सुबह 11:30 बजे विधिवत गिरफ्तार कर परिजनों को सूचना दी और न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। खड़गांव पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि अब गांवों में भी साइबर तकनीक और तेज पुलिसिंग के सामने अपराधियों की चाल ज्यादा देर तक नहीं चलने वाली।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

