लखनऊ 20 मई (आरएनएस ) कमिश्नरेट की बीकेटी पुलिस ने अवैध रूप से भारत में रह रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो कथित रूप से फर्जी दस्तावेजों के सहारे भारतीय नागरिक बनकर रह रहा था और क्षेत्र में क्लीनिकनुमा दुकान संचालित कर लोगों का उपचार भी कर रहा था। पुलिस के अनुसार, आरोपित ने कूटरचित अभिलेखों के माध्यम से मतदाता पहचान पत्र, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस और भारतीय पासपोर्ट तक हासिल कर लिया था।पुलिस के अनुसार, मामले का खुलासा 16 मई 2026 को उस समय हुआ जब थाना बीकेटी में तैनात उपनिरीक्षक योगेन्द्र कुमार ने सूचना दी कि एक व्यक्ति, जिसकी पहचान अरूप बख्शी पुत्र खोकेन बख्शी के रूप में हुई, मूल रूप से बांग्लादेश का निवासी है और भारत में अवैध रूप से निवास कर रहा है। आरोप है कि उसने फर्जी दस्तावेजों का सहारा लेकर खुद को भारतीय नागरिक दर्शाया और सरकारी पहचान पत्र बनवा लिए।सूचना के आधार पर थाना बीकेटी में मुकदमा अपराध संख्या 183/2026 के तहत धारा 419, 420, 467, 468, 471 भारतीय दंड संहिता तथा विदेशियों विषयक अधिनियम 1946 की धारा 14(ग) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि आरोपित बीकेटी क्षेत्र में एक छोटी क्लीनिक अथवा दुकान संचालित कर लोगों को दवा और उपचार उपलब्ध करा रहा था। वह स्वयं को भारतीय नागरिक बताकर क्षेत्र में रह रहा था और कथित रूप से कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर भारतीय पहचान से जुड़े दस्तावेज प्राप्त कर चुका था।पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना और साक्ष्यों के आधार पर 20 मई 2026 को तड़के करीब 2:10 बजे किसान पथ स्थित विपश्यना ध्यान केंद्र फ्लाईओवर के नीचे से आरोपित को हिरासत में लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपित ने भारत में अवैध रूप से रहने और फर्जी दस्तावेजों के जरिए भारतीय पहचान पत्र बनवाने की बात स्वीकार की। पुलिस के मुताबिक, उसने बीकेटी क्षेत्र में क्लीनिकनुमा दुकान चलाकर लोगों को दवा देने की बात भी स्वीकार की है।गिरफ्तार आरोपित की पहचान अरूप बख्शी पुत्र खोकेन बख्शी, उम्र करीब 37 वर्ष, मूल निवासी देवभोग जिला नरैल, बांग्लादेश के रूप में हुई है। वर्तमान में वह मूसानगर अस्ति रोड, थाना बक्शी का तालाब क्षेत्र में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, वह खुद को चिकित्सक बताता था।गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपित के पास से एक आधार कार्ड, 300 रुपये नकद और ओप्पो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।इस कार्रवाई को थाना बीकेटी पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें उपनिरीक्षक रामबालक सिंह, उपनिरीक्षक प्रतीक कुमार शर्मा, कांस्टेबल साजिन्द्र पालीवाल, देवराज सिंह, अंशु कुमार तथा चालक कांस्टेबल दिलीप कुमार शामिल रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

