लखनऊ 20 मई (आरएनएस ) के दुबग्गा थाना क्षेत्र में नाली के पानी की निकासी को लेकर पड़ोसियों के बीच चल रहे विवाद ने बुधवार सुबह अचानक तनावपूर्ण मोड़ ले लिया, जब एक युवक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची दुबग्गा पुलिस ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए युवक को समझा-बुझाकर सकुशल नीचे उतार लिया। बाद में दोनों पक्षों के बीच वार्ता कराकर पुन: समझौता भी करा दिया गया।पुलिस के अनुसार, 20 मई 2026 को सुबह करीब 7:30 बजे यूपी-112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि मुर्दापुर निवासी अलीम पुत्र अनीश अहमद, पड़ोस में रहने वाली साजिया पत्नी मोहम्मद मेराज से मकान के सामने नाली के पानी के निकास को लेकर हुए विवाद के चलते मोबाइल टावर पर चढ़ गया है।
सूचना मिलते ही थाना दुबग्गा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और काफी देर तक समझाइश तथा बातचीत के बाद युवक को सुरक्षित रूप से मोबाइल टावर से नीचे उतार लिया गया। घटना के दौरान पुलिस ने सतर्कता बरतते हुए किसी भी अप्रिय स्थिति को उत्पन्न नहीं होने दिया।पूछताछ में अलीम ने पुलिस को बताया कि नाली विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले ही समझौता हो चुका था, लेकिन उसे आशंका थी कि मामले में दोबारा आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत की जा सकती है। इसी आशंका के चलते उसने मोबाइल टावर पर चढऩे जैसा कदम उठाया।पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर वार्ता कराई, जिसके बाद आपसी सहमति से पुन: सुलह-समझौता करा दिया गया। पुलिस के अनुसार, वर्तमान में क्षेत्र में कानून एवं शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

