लखनऊ 20 मई (आरएनएस )। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने नव नियुक्त खण्ड विकास अधिकारियों (बीडीओ) को शुभकामनाएं देते हुए उन्हें ग्रामीण जनता की सेवा पूरे समर्पण भाव से करने और गांवों के सर्वांगीण विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अधिकारी अपनी प्रतिभा, क्षमता और प्रशासनिक दक्षता का भरपूर उपयोग करते हुए सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का दायित्व निभाएं।उप मुख्यमंत्री ने कहा कि खण्ड विकास अधिकारी ग्रामीण विकास व्यवस्था की अत्यंत महत्वपूर्ण कड़ी हैं, क्योंकि गांवों में संचालित सरकारी योजनाओं का वास्तविक क्रियान्वयन इन्हीं के माध्यम से होता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करें तथा यह सुनिश्चित करें कि सरकार की प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि डबल इंजन सरकार गांव, गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वयं सहायता समूह, ग्रामीण सड़क, स्वच्छता, पेयजल तथा आजीविका से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करना अधिकारियों की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है।उन्होंने अधिकारियों को केवल सरकारी कर्मचारी नहीं, बल्कि जनसेवक की भावना से कार्य करने की सीख देते हुए कहा कि ग्रामीण जनता की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुना जाए और उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि गांवों के विकास से ही प्रदेश और देश का विकास संभव है।उप मुख्यमंत्री ने ग्राम्य विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नव नियुक्त खण्ड विकास अधिकारियों का नियमानुसार प्रशिक्षण शीघ्र कराया जाए तथा उन्हें फील्ड में तैनाती भी समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए।गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य/प्रवर अधीनस्थ सेवा परीक्षा-2024 के माध्यम से चयनित खण्ड विकास अधिकारियों में से 42 अधिकारियों ने मंगलवार को जवाहर भवन स्थित आयुक्त कार्यालय, ग्राम्य विकास विभाग में आयुक्त ग्राम्य विकास जी.एस. प्रियदर्शी के समक्ष अपनी योगदान आख्या प्रस्तुत की।इस अवसर पर आयुक्त ग्राम्य विकास जी.एस. प्रियदर्शी ने नव नियुक्त अधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वे निष्ठा, अनुशासन और कर्तव्यपरायणता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा ग्रामीण विकास योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी ढंग से लागू करें। वहीं, नव चयनित अधिकारियों ने भी सेवा भाव के साथ कार्य करते हुए ग्रामीण विकास योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

