लखनऊ 20 मई (आरएनएस )। भीषण गर्मी के बीच उत्तर प्रदेश ने बिजली आपूर्ति के क्षेत्र में एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। प्रदेश में बीते दिवस शाम 30,160 मेगावाट की रिकॉर्ड पीक डिमांड को सफलतापूर्वक पूरा किया गया, जो अब तक की सर्वाधिक विद्युत आपूर्ति में शामिल है। पिछले तीन वर्षों की तरह इस बार भी उत्तर प्रदेश देश के शीर्ष राज्यों में शामिल रहा है, जहां रिकॉर्ड स्तर पर बिजली की मांग को पूरा किया गया।नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा के नेतृत्व में ऊर्जा विभाग द्वारा मजबूत विद्युत प्रबंधन और आधारभूत संरचना के विस्तार के जरिए प्रदेशवासियों को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। विभाग का दावा है कि नए विद्युत उपकेंद्रों की स्थापना, ट्रांसमिशन एवं वितरण तंत्र के सुदृढ़ीकरण और लगातार निगरानी के कारण प्रदेश ऊर्जा क्षेत्र में लगातार नई उपलब्धियां हासिल कर रहा है।ऊर्जा विभाग के अनुसार, देशभर में भीषण गर्मी के चलते बिजली की मांग ऐतिहासिक स्तर पर पहुंच गई है। बीते दिवस पूरे देश में बिजली की पीक डिमांड 260 गीगावाट दर्ज की गई। ऐसे चुनौतीपूर्ण हालात में उत्तर प्रदेश द्वारा 30,160 मेगावाट की मांग को सफलतापूर्वक पूरा करना ऊर्जा प्रबंधन की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विद्युत कर्मियों और अधिकारियों से अपील की है कि गर्मी के इस चुनौतीपूर्ण समय में पूरी सतर्कता और समर्पण के साथ कार्य करते हुए विद्युत आपूर्ति को निर्बाध बनाए रखें। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है और सभी के सहयोग से प्रदेश में मजबूत बिजली व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।मंत्री ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के शहरी और ग्रामीण दोनों क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध हो, ताकि भीषण गर्मी के दौरान लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

