सारंगढ़ बिलाईगढ़ 20 मई (आरएनएस)“अब हादसा, अपराध, आग या मेडिकल इमरजेंसी में मदद के लिए अलग-अलग नंबर याद रखने की जरूरत नहीं… सिर्फ 112 डायल करते ही हाईटेक पुलिस, एम्बुलेंस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंचेगी।” सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में आपातकालीन सेवाओं को नई रफ्तार और हाईटेक ताकत देने के लिए Next Gen Dial 112 सेवा का भव्य शुभारंभ किया गया, जहां पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर से 10 अत्याधुनिक इमरजेंसी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। रायपुर में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा लॉन्च किए गए इस Phase-2 “Next Gen 2.0” मॉडल को अब सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के हर थाना और चौकी तक पहुंचाया जा रहा है, ताकि गांव के अंतिम छोर तक खड़े व्यक्ति को भी त्वरित सहायता मिल सके। कार्यक्रम में जिला कलेक्टर पद्मिनी भोय साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े और विधायक कविता प्राण लहरे समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। नए डायल 112 वाहनों को GPS आधारित रियल टाइम ट्रैकिंग सिस्टम, स्मार्ट कंट्रोल टेक्नोलॉजी, वायरलेस रेडियो, स्मार्टफोन, PTZ कैमरा, डिश कैमरा, मोबाइल NVR और सोलर बैकअप जैसी अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस किया गया है, जिससे घटनास्थल की लाइव मॉनिटरिंग और तुरंत सूचना संचार संभव हो सकेगा। पुलिस, मेडिकल इमरजेंसी, अग्निशमन सेवा, महिला एवं चाइल्ड हेल्पलाइन और हाईवे इमरजेंसी जैसी कई महत्वपूर्ण सेवाओं को एक ही नंबर 112 से जोड़ दिया गया है, जिससे संकट के समय लोगों को भटकना नहीं पड़ेगा। सेवा की निगरानी और संचालन के लिए रायपुर स्थित C4 कमांड सेंटर और पुलिस मुख्यालय में प्राइमरी एवं सेकेंडरी सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल सिस्टम भी स्थापित किया गया है, जो 24×7 निगरानी करेगा। जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे ने इसे गांव तक सुविधा पहुंचाने वाली बड़ी पहल बताया और पेट्रोल-डीजल बचाने के साथ सामूहिक यात्रा को बढ़ावा देने की अपील की। विधायक कविता प्राण लहरे ने इसे जनता के लिए बड़ी सौगात बताया, वहीं विधायक उत्तरी गनपत जांगड़े ने 112 स्टाफ से हर आपात स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचने का आग्रह किया। कलेक्टर पद्मिनी भोय साहू ने कहा कि “एक्के नंबर सब्बो बर” थीम पर आधारित यह सेवा नागरिकों को एक नंबर पर तेज, सुरक्षित और भरोसेमंद सहायता उपलब्ध कराएगी। कार्यक्रम में एसडीएम वर्षा बंसल, एसडीओपी स्नेहिल साहू, उप पुलिस अधीक्षक संतोषी ग्रेस, रक्षित निरीक्षक जितेंद्र कुमार चंद्रा, कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद यादव सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। आखिर में जैसे ही हरी झंडी दिखी, जिले की सड़कों पर दौड़ पड़े हाईटेक 112 वाहन अब साफ संदेश दे रहे हैं—“मुसीबत चाहे कहीं भी हो, मदद अब सिर्फ एक कॉल दूर है।”


