कुशीनगर 20 मई। उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में प्रदेश के कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि अनुसंधान मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने आज जनपद कुशीनगर स्थित निर्माणाधीन महात्मा गौतम बुद्ध कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त मैनपॉवर लगाकर कार्य को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराया जाए।
कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों ने मंत्री को अवगत कराया कि एकेडमिक ब्लॉक, लेक्चर हॉल, टाइप-1 एवं टाइप-2 आवास, छात्रावास (बालक एवं बालिका) का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है तथा वर्तमान में फिनिशिंग का कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय भवन की संरचना तथा गेस्ट हाउस का निर्माण भी पूर्ण कर लिया गया है।
कृषि मंत्री ने निर्देश दिया कि कृषि विश्वविद्यालय का समस्त निर्माण कार्य प्रत्येक दशा में जुलाई 2026 के अंत तक पूर्ण कर लिया जाए। उन्होंने विश्वविद्यालय परिसर का भ्रमण कर मुख्य मार्ग से कृषि विश्वविद्यालय को जोडऩे वाले संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य को भी शीघ्र प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के उपरांत मंत्री ने कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने डेंचा बीज की उपलब्धता एवं वितरण, यूरिया एवं डीएपी की उपलब्धता, फार्मर रजिस्ट्री तथा अन्य योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्राप्त की।
कृषि मंत्री ने बताया कि डेंचा बीज अधिक से अधिक किसानों को वितरित किया जाए तथा इसकी बुवाई सुनिश्चित कराई जाए, जिससे भूमि की उर्वरता में वृद्धि हो और फसल उत्पादन बेहतर हो सके। .उन्होंने योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने, उर्वरकों के वितरण में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने तथा किसानों को उनकी भूमि के रकबे के अनुसार ही यूरिया एवं डीएपी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सीमावर्ती जनपद होने के कारण उर्वरकों के वितरण में विशेष सतर्कता बरती जाए ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा अवैध आपूर्ति को रोका जा सके। साथ ही, राजस्व अभिलेखों में दर्ज भूमि के अनुसार ही किसानों को उर्वरक उपलब्ध कराए जाएं। विभागीय अधिकारियों ने मंत्री जी को बताया कि वर्तमान में जनपद में यूरिया, डीएपी तथा डेंचा बीज पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। भविष्य की मांग को ध्यान में रखते हुए अतिरिक्त उर्वरकों की उपलब्धता हेतु शासन को प्रस्ताव भेज दिया गया है।
इस अवसर पर कृषि विभाग के अधिकारी, कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

