लॉज मालिक का बेटा गिरफ्तार, विरोध पर हमला किया
प्रयागराज 20 मई (आरएनएस )। शिवकुटी थाना क्षेत्र के एक लॉज में दो छात्राओं को बाल पकड़कर पीटा गया। पीटने वाला लॉज मालिक का बेटा है। छात्राएं लॉज में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही हैं। छात्राओं का आरोप है कि लॉज मालिक का बेटा गंदी नीयत से कॉल-मैसेज कर परेशान करता है। 18 मई की आधी रात उसने कमरे में घुसने की कोशिश की। मना करने पर उसे और पास में रहने वाली एक अन्य छात्रा को बेरहमी से पीटा। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि, आरोपी को कोर्ट से जमानत मिल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्राप्त जानकारी के अनुसार अमेठी की रहने वाली एक छात्रा ने शिवकुटी पुलिस को बताया कि मैं शिवकुटी के शंकर घाट में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करती हूं। जिस लॉज में रहती हूं, शुभम द्विवेदी उसके मालिक का बेटा है। इस लॉज में कई अन्य छात्राएं भी रहती हैं। मैंने दो महीने पहले ही यहां कमरा किराए पर लिया था। छात्रा ने बताया कि पिछले दिनों मैंने एसएससी जूनियर असिस्टेंट परीक्षा पास की है। शुभम पिछले 10 दिनों से लगातार गंदी नीयत से मुझे फोन कर रहा था। लगातार मैसेज करता है और मेरे कमरे में आने की कोशिश करता है। मेरा डॉक्युमेंट वेरिफिकेशन होना है। इसलिए मजबूरी में यहां रुकी थी।
बीतीं 18 मई की रात भी शुभम मुझे लगातार कॉल-मैसेज करता रहा। कॉल रिसीव नहीं करने पर वह रात 2 बजे आकर मेरे कमरे का दरवाजा पीटने लगा। वह शराब के नशे में था। दरवाजा नहीं खोलने पर उसने कमरा बाहर से बंद कर दिया। डरकर मैंने अपने बगल में रहने वाली छात्रा को फोन से कमरे में बुलाया। वह अपनी बहन के साथ रहती है। वह मेरे कमरे में आई, तो शुभम ने लगातार 14 बार उसकी बहन को फोन किया। फिर उसके कमरे का दरवाजा भी बाहर से बंद कर दिया। कोई रास्ता न देख हम लोग चीखने-चिल्लाने लगे तो शुभम की मां भी आ गई। इसके बाद शुभम ने दरवाजा खोला। फिर हम दोनों के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने लगा। विरोध करने पर वह किचन से चाकू ले आया और बगल में रहने वाली दोनों बहनों पर हमला कर दिया। इससे दोनों बहनों को भी चोट लग गई।
छात्रा ने बताया कि इसके बाद मैंने फोन करने पर पड़ोस में रहने वाले अपने चचेरे भाई को बुलाया। तब उसने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को बुलाया। पुलिसकर्मियों के सामने भी शुभम ने मुझ पर टूटे हुए ग्लास से हमला किया। साथ ही जान से मारने और गायब करवाने की धमकी दी।
इस बाबत शिवकुटी थाना प्रभारी वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि सूचना मिलने पर आरोपी को थाने लाया गया। इसके बाद छात्रा की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। फिलहाल, उसे कोर्ट से जमानत मिल गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

