*घर से सैकड़ों किलोमीटर दूर पश्चिम बंगाल के युवक का शव फंदे से लटका मिला
मीरजापुर 20 मई (आरएनएस)। मडि़हान थाना क्षेत्र के मडि़हान वन रेंज अन्तर्गत ददरी जंगल स्थित निर्माणाधीन अदाणी पावर प्लांट परिसर में मंगलवार की रात उस समय सनसनी फैल गई, जब प्लांट में कार्यरत एक 35 वर्षीय कर्मचारी का शव फांसी के फंदे से लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलते ही साथी कर्मचारियों में चीख-पुकार मच गई। देखते ही देखते पूरे परिसर में मातम जैसा माहौल छा गया। सूचना पर पहुंची मडि़हान थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी युवक के रूप में बताई जा रही है, जो रोजी-रोटी की तलाश में अपने परिवार से दूर मीरजापुर आया था। परिजनों को जब घटना की सूचना मिली तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
बताया जा रहा है कि निर्माणाधीन अदाणी पावर प्लांट में कार्य करने वाला उक्त कर्मचारी मंगलवार की शाम तक अपने साथियों के साथ सामान्य रूप से काम करता दिखाई दिया था। किसी को अंदाजा भी नहीं था कि रात होते-होते ऐसा दर्दनाक मंजर सामने आएगा। देर रात जब साथी कर्मचारियों ने उसे काफी देर तक नहीं देखा तो खोजबीन शुरू की गई। इसी दौरान उसका शव फंदे से लटकता मिला। घटना की खबर जंगल में आग की तरह फैल गई। प्लांट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर मडि़हान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल की जांच करते हुए आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ भी की। दूसरी ओर शुरू होने से पहले ही भारी जन विरोध, विवादों के साथ साथ पर्यावरणीय नियमों की अनदेखी के आरोपों से घिरी आदानी के निर्माणाधीन पावर प्लांट में हाल के महीनों में चार श्रमिकों की दुर्घटना में हुई मौत के बाद एक अन्य श्रमिक की फांसी के फंदे से लटकती लाश मिलने से कंपनी सवालों के घेरे में आ गई है। आश्चर्य की बात है कि इस संदर्भ में जब जानकारी लेने के लिए सम्पर्क करना चाहा गया तो कोई भी सामने आकर कुछ भी बोलने से कतराता नजर आए हैं, वहीं सुरक्षा गार्डों ने कुछ भी बोलने से साफ बचते हुए यह कहकर कि अंदर क्या कैसे हुआ है हाथ खड़े कर दिए कि साहब लोग ही बता सकते हैं। किस साहब से बात करना होगा ? के सवाल पर वह चुप्पी साध कुछ भी बोलने से साफ इंकार कर दिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

