गोण्डा 20 मई। करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में संपत्ति विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। एक महिला ने विपक्षियों पर फर्जी तरीके से मकान अपने नाम दर्ज करवाकर ताला तोड़कर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए देवीपाटन मंडल के आयुक्त, जिलाधिकारी गोण्डा एवं पुलिस अधीक्षक को शिकायती प्रार्थना पत्र देकर जांच व कार्रवाई की मांग की है।
कटरा बाजार थाना क्षेत्र के कौड़हा जगदीशपुर पूरे मोहम्मदपुर निवासी आमिना खातून पत्नी अहमदे मुख्तार खां ने अधिकारियों को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी माता मेहताब पत्नी स्वर्गीय फैय्याज खां निवासी कौड़हा जगदीशपुर परगना पहाड़ापुर तहसील करनैलगंज की मृत्यु हो चुकी है। उन्होंने जीवनकाल में प्रार्थिनी की सेवा-सुश्रुषा से प्रसन्न होकर 28 अप्रैल 2016 को अपनी चल एवं अचल संपत्ति के संबंध में एक पंजीकृत वसीयतनामा प्रार्थिनी तथा उसकी बहन की पुत्री शहर बानों पुत्री उसमान के पक्ष में कराया था। प्रार्थिनी का आरोप है कि माता के निधन के बाद से उनकी संपत्तियों पर उसका शांतिपूर्ण कब्जा व दखल था। इसी क्रम में कस्बा करनैलगंज के मोहल्ला सुक्खापुरवा स्थित मकान पर भी उसका कब्जा था। आरोप है कि विपक्षीगणों ने नगर पालिका करनैलगंज के कुछ कर्मचारियों से मिलीभगत कर उक्त मकान को फर्जी तरीके से अपने नाम दर्ज करवा लिया और उसकी गैरमौजूदगी में मकान का ताला तोड़कर अवैध कब्जा कर लिया। मामले में विपक्षी के रूप में सय्याद खां, गुलजार खां, मुख्तार खां, नूर अहमद एवं लुकमान खां पुत्रगण फैय्याज खां निवासी कौड़हा जगदीशपुर पूरे मोहम्मदपुर, थाना कटरा बाजार, जनपद गोण्डा को नामजद किया गया है।
पीडि़ता ने अधिकारियों से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, नगर पालिका के कथित दोषी कर्मचारियों पर कार्रवाई करने तथा मकान से अवैध कब्जा हटवाकर विपक्षियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई किए जाने की मांग की है। फिलहाल मामला प्रशासनिक स्तर पर जांच के लिए पहुंच गया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

