उत्तरकाशी,20 मई (आरएनएस)। री मोटर मार्ग के आठ किमी पर झूलते हाईटेंशन विद्युत तार दुर्घटनाओं को न्योता दे रहे हैं। स्थानीय लोग इन तारों को तुरंत शिफ्ट करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, ऊर्जा निगम और लोनिवि इस मुद्दे पर एक-दूसरे पर जिम्मेदारी डाल रहे हैं। बीते बारिश में मोटर मार्ग के आठ किमी पर भू-धंसाव हुआ था। इससे सड़क धंस गई थी जिससे विद्युत पोल भी तिरछा हो गया था। लोनिवि ने बड़े वाहनों की सुरक्षित आवाजाही के लिए सड़क को करीब डेढ़ मीटर ऊंचा किया। अब ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तारों के वाहनों से टकराने का डर बना हुआ है। मटियाली की प्रधान सुभद्रा राणा और संजय रावत का कहना है कि सेब सीजन में फसल ढुलान के लिए बड़े वाहनों की आवाजाही बढ़ जाती है। यदि समय रहते लाइन शिफ्ट नहीं हुई तो बड़ी घटना हो सकती है। विद्युत तारों में दौड़ रहे करंट से कभी भी कोई बड़ा वाहन हादसे का शिकार हो सकता है।
विभागों के बीच आरोप-प्रत्यारोप: ऊर्जा निगम बड़कोट के एसडीओ अजय सेमवाल ने लोनिवि पर कार्य से पहले स्थिति न देखने का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि ऊर्जा निगम ने लोनिवि को शिफ्टिंग चार्ज का प्राक्कलन भेजा है। सेमवाल के अनुसार, जब तक शिफ्टिंग चार्ज का पैसा नहीं मिलता, लाइन हटाना संभव नहीं है। उधर, लोनिवि बड़कोट के सहायक अभियंता ध्वजवीर तोमर ने ऊर्जा निगम से लाइन शिफ्ट करने का अनुरोध किया था। उन्होंने डेढ़ लाख रुपये के शिफ्टिंग चार्ज के प्राक्कलन को अनुचित बताया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

