गरियाबंद,20 मई (आरएनएस)। जिले के देवभोग थाना क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हो गए। घटना पीटापारा गांव की है, जहां एक ही परिवार के चार सदस्य खेत में काम कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, अचानक मौसम बदलने के बाद तेज बारिश और गरज-चमक शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए सभी लोग खेत में बनी झोपड़ी में जाकर बैठ गए। इसी दौरान अचानक आकाशीय बिजली झोपड़ी पर गिर गई। हादसे में 33 वर्षीय ओमप्रकाश ध्रुव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग घायल हो गए।
घटना के बाद ग्रामीणों ने घायलों को तत्काल देवभोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। घायलों में से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर उपचार के लिए रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

