दंतेवाड़ा 21 मई (आरएनएस) नामकरण कार्यक्रम की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं और जमीन विवाद ने एक परिवार को हमेशा के लिए उजाड़ दिया। दंतेवाड़ा जिले के टेकनार कोन्टीपारा में बड़े भाई ने अपने ही छोटे भाई की लोहे की गैंती से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात इतनी खौफनाक थी कि घर के आंगन में सो रहे युवक को संभलने तक का मौका नहीं मिला और कुछ ही मिनटों में उसकी सांसें थम गईं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई जबकि दंतेवाड़ा पुलिस ने तेजी दिखाते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मामला थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र का है जहां 19 मई 2026 की शाम करीब 4 बजे पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम टेकनार कोन्टीपारा में हत्या हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस क्राइम सीन यूनिट के साथ मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मौके पर मौजूद प्रार्थी सुरेश भास्कर पिता नेहरू भास्कर उम्र 29 वर्ष निवासी टेकनार कोन्टीपारा ने बताया कि गांव में सुदराम के यहां उसकी बेटी का नामकरण कार्यक्रम चल रहा था जहां मृतक और आरोपी दोनों भाइयों के बीच पुश्तैनी जमीन को लेकर विवाद हुआ था। दोपहर करीब 12 बजे कहासुनी के बाद मृतक घर लौटकर खाना खाकर आंगन में सो गया। इसी दौरान करीब 2 बजे आरोपी रामू भास्कर ने लोहे की गैंती से उस पर हमला कर दिया। घटना की जानकारी प्रार्थी की पत्नी मोती भास्कर ने दी जिसने चिल्लाकर बताया कि “रामू जीजा ने रामलाल जीजा को मार दिया।” सूचना मिलते ही पुलिस ने देहाती मर्ग कायम कर जांच शुरू की और हत्या के आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन के मार्गदर्शन और एसडीओपी राहुल उइके के पर्यवेक्षण में टीम ने ताबड़तोड़ कार्रवाई करते हुए आरोपी रामू भास्कर पिता सुकड़ा भास्कर उम्र 55 वर्ष निवासी ग्राम कांदाकरका बड़े तुमनार थाना गीदम जिला दंतेवाड़ा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल लोहे की गैंती भी बरामद कर ली। आरोपी को 20 मई 2026 को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल दंतेवाड़ा भेज दिया गया। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक राजेश कुमार, उप निरीक्षक संजय पाल, प्रधान आरक्षक 718 वीरेन्द्र नाग, आरक्षक 833 जलदेव मरकाम, आरक्षक 262 मनोज नेगी और डीएसएफ आरक्षक 3183 पुरुषोत्तम मंडावी की अहम भूमिका रही। बहरहाल, जमीन का विवाद जब रिश्तों से बड़ा हो जाए तो घर का आंगन भी कत्लगाह बन जाता है और दंतेवाड़ा की यह वारदात उसी दर्दनाक सच की खौफनाक तस्वीर बनकर सामने आई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

