नईदिल्ली,21 मई। भारतीय क्रिकेट टीम आईपीएल 2026 खत्म होने के बाद अफगानिस्तान के खिलाफ एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की घरेलू सीरीज खेलने वाली है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने टेस्ट और वनडे स्क्वाड का भी ऐलान कर दिया. जिसमें बुमराह और जडेजा जैसे बड़े खिलाडिय़ों को रेस्ट दिया गया है तो वहीं चार नए खिलाडिय़ों को टीम में शामिल भी किया गया है.
लेकिन क्रिकेट फैंस को सबसे ज्यादा हैरानी तब हुई जब घरेलू क्रिकेट में शानदार प्रदर्शन करने वाले तेज गेंदबाज आकिब नबी और मोहम्मद शमी को टीम में नहीं चुना गया. जिसकी वजह से प्रेस कॉन्फ्रेंस में चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर से भी सवाल किए गए. उन्होंने कहा कि मीटिंग के दौरान शमी के नाम पर कोई चर्चा नहीं हुई, लेकिन नबी के नाम पर बातचीत जरूर हुई.
चैंपियंस ट्रॉफी 2025 जीतने के बाद से राष्ट्रीय टीम से बाहर चल रहे मोहम्मद शमी के बारे में अगरकर ने कहा, हमें जितनी जानकारी मिली है, उसके हिसाब से इस समय उनका (शमी) शरीर उन्हें खेलने की इजाजत नहीं दे रहा है. मुझे पता है कि उन्होंने इस साल घरेलू सीजन और बाकी मैच खेले हैं. लेकिन मुझे जो जानकारी मिली है, उससे ऐसा लगता है कि इस समय वह सिर्फ टी20 क्रिकेट खेलने के लिए ही तैयार हैं. इसलिए, उनके नाम पर कोई चर्चा नहीं हुई.
जम्मू-कश्मीर के लिए 60 विकेट लेकर पहली बार रणजी ट्रॉफी जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले आकिब नबी के बारे में अगरकर ने कहा, जाहिर है, वो एक ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने न सिर्फ इस सीजन में, बल्कि पिछले सीजन में भी बहुत अच्छा प्रदर्शन किया है. उनके बारे में हमेशा चर्चा होती रहती है. लेकिन भारत में टेस्ट टीम चुनते समय आप बहुत ज्यादा तेज गेंदबाजों को नहीं चुनते.
अगरकर ने आगे कहा, वह टीम में जगह बनाने के काफा करीब थे, लेकिन इस समय हमने उन तीन गेंदबाजों को चुना है जिन्हें हमने पहले ही चुन लिया था. लेकिन उनके नाम पर चर्चा जरूर हुई थी. इसमें कोई शक नहीं कि उन्होंने जम्मू-कश्मीर के लिए जबरदस्त प्रदर्शन किया है.
भारत की वनडे टीम
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उपकप्तान), ईशान किशन, हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे.
भारत की टेस्ट टीम
शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नितीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, ध्रुव जुरेल, हर्ष दुबे.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

