– 14 जून तक नहीं आएंगे बच्चे
फतेहपुर। जनपद के समस्त संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी दीप्ति त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश शिक्षा परिषद के नियंत्रणाधीन संचालित विद्यालयों एवं मान्यता प्राप्त बेसिक विद्यालयों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित होने के दृष्टिगत जिलाधिकारी के अनुमोदन के बाद यह निर्णय लिया गया है।
जारी आदेश के अनुसार जनपद के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में 20 मई 2026 से 14 जून 2026 तक ग्रीष्मकालीन अवकाश रहेगा। इस दौरान 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चे आंगनबाड़ी केंद्रों पर उपस्थित नहीं होंगे। हालांकि अवकाश अवधि में भी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां अपने-अपने केंद्रों पर उपस्थित रहकर नियमित कार्य करती रहेंगी। विभाग की ओर से निर्देश दिए गए हैं कि कार्यकत्रियां पोषण ट्रैकर एप पर नियमित रूप से कार्य करेंगी तथा लाभार्थियों का आधार सत्यापन, राशन वितरण, वजन मापन और गृह भ्रमण जैसे कार्य पूर्व की भांति जारी रहेंगे। इसके अलावा समुदाय आधारित गतिविधियों एवं अन्य शासकीय कार्यों का संचालन भी नियमित रूप से किया जाएगा, ताकि योजनाओं का लाभ लाभार्थियों तक लगातार पहुंचता रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

