लखनऊ, 21 मई 2026। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोलते हुए गंभीर आरोप लगाए। लखनऊ में आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर देशवासियों को गुमराह करने, आर्थिक संकट बढ़ाने तथा राष्ट्रीय हितों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया। इस अवसर पर पूर्व विधायक गयादीन अनुरागी, मनीष हिंदवी, अंशू अवस्थी, प्रियंका गुप्ता और अनुसूइया शर्मा भी उपस्थित रहीं।अजय राय ने दावा किया कि उनके पास ऐसे प्रमाण हैं जिनसे यह साबित किया जा सकता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा देशवासियों के साथ गद्दारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा भाजपा को लेकर कही गई बातें पूरी तरह सही हैं और वह उनका समर्थन करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का गद्दारी का पुराना इतिहास रहा है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव के दौरान उन्हें खरीदने का प्रयास किया गया था। जब ऐसा संभव नहीं हुआ तो अरविंद केजरीवाल को वाराणसी से चुनाव मैदान में उतारा गया। उन्होंने कहा कि यह भाजपा की कार्यशैली और चरित्र को दर्शाता है।अजय राय ने कहा कि देश आर्थिक संकट से गुजर रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री जनता को खर्च कम करने की सलाह दे रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर लोगों को सोना न खरीदने, ईंधन की खपत कम करने और विदेश यात्रा से बचने की सलाह दी जाती है, वहीं दूसरी ओर प्रधानमंत्री लगातार विदेश यात्राएं करते रहे हैं, जिससे देश के धन का अपव्यय हुआ है।उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार देश की सार्वजनिक संपत्तियों और नवरत्न कंपनियों को निजी हाथों में सौंप रही है। अजय राय ने कहा कि सरकार ने देश नहीं बिकने देने का वादा किया था, लेकिन अब महत्वपूर्ण संस्थानों को उद्योगपतियों को सौंपा जा रहा है।युवाओं और शिक्षा के मुद्दे पर बोलते हुए कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में अनेक प्रश्नपत्र लीक हुए हैं, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ। उन्होंने हाल में हुई चिकित्सा प्रवेश परीक्षा से जुड़े विवाद का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे विद्यार्थियों और उनके परिवारों में निराशा फैली है। उन्होंने अपनी पुत्री के परीक्षा अनुभव का जिक्र करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है।अजय राय ने विश्वविद्यालयों में वैचारिक हस्तक्षेप का आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षा संस्थानों की गरिमा प्रभावित हो रही है। उन्होंने काशी हिंदू विश्वविद्यालय का उल्लेख करते हुए कहा कि देश के प्रतिष्ठित शिक्षण संस्थानों की मूल भावना को कमजोर किया जा रहा है।इतिहास और वैचारिक मुद्दों का जिक्र करते हुए अजय राय ने भाजपा और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की आलोचना की तथा कहा कि कांग्रेस पार्टी राहुल गांधी के बयान का समर्थन करती है। उन्होंने दावा किया कि किसान, युवा और आम जनता सरकार की नीतियों से परेशान हैं और बदलाव का मन बना चुकी है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

