लखनऊ, 21 मई 2026। भारत के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न राजीव गांधी की 35वीं पुण्यतिथि पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय ‘नेहरू भवनÓ सहित पूरे प्रदेश में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में एक विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने भाग लेकर राजीव गांधी को श्रद्धासुमन अर्पित किए।कार्यक्रम में राज्यसभा में उपनेता प्रमोद तिवारी ने राजीव गांधी को सूचना क्रांति का जनक बताते हुए कहा कि आज भारत जिस प्रकार सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है, उसकी नींव राजीव गांधी ने रखी थी। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने संविधान के 73वें और 74वें संशोधन के माध्यम से पंचायती राज व्यवस्था को मजबूत किया तथा महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देकर राजनीति में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान केंद्र सरकार महिला आरक्षण को लेकर केवल राजनीति कर रही है।प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री अजय राय ने कहा कि राजीव गांधी दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने युवाओं के भविष्य को देश की प्रगति से जोड़ा। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने मतदान की आयु 21 वर्ष से घटाकर 18 वर्ष की, संगणक क्रांति को बढ़ावा दिया, उपभोक्ता संरक्षण व्यवस्था को मजबूत किया तथा पंचायती राज कानून लागू कर देश को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए।अजय राय ने कहा कि कांग्रेस नेताओं और स्वतंत्रता सेनानियों ने देश की आजादी, एकता और अखंडता के लिए बलिदान दिया, जबकि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान अंग्रेजों से सहयोग करने का आरोप लगाया। उन्होंने वर्तमान सरकार पर भी राष्ट्रीय हितों की उपेक्षा करने का आरोप लगाया।राजीव गांधी के शिक्षा संबंधी योगदान का उल्लेख करते हुए अजय राय ने कहा कि उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से देशभर में सैकड़ों नवोदय विद्यालय स्थापित कराए, जहां नि:शुल्क शिक्षा और सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं।किसानों के मुद्दे पर बोलते हुए अजय राय ने कहा कि राजीव गांधी किसानों को देश की आत्मनिर्भरता की रीढ़ मानते थे। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी का मानना था कि यदि किसान मजबूत होंगे तो देश मजबूत होगा। अजय राय ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार किसानों की समस्याओं के समाधान में संवेदनशील नहीं रही है।वरिष्ठ प्रवक्ता अंशू अवस्थी ने कहा कि राजीव गांधी ने सूचना क्रांति के माध्यम से गांवों को देश और दुनिया से जोडऩे का कार्य किया। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक दूरभाष केंद्रों और दूरभाष संपर्क व्यवस्था के विस्तार का परिणाम है कि आज संचार व्यवस्था आम लोगों तक पहुंच सकी है।कार्यक्रम का संचालन शहर अध्यक्ष शहजाद आलम ने किया, जबकि समापन पर अल्पसंख्यक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सोहेल अंसारी ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस अवसर पर अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

