लखनऊ/अमेठी, 21 मई 2026। बाबासाहेब भीमराव अम्बेडकर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने गुरुवार को अमेठी स्थित सैटेलाइट सेंटर में 33/0.4 केवीए विद्युत उपकेंद्र का उद्घाटन किया। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार यह स्थापना सैटेलाइट सेंटर में चौबीसों घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करेगी तथा शैक्षणिक एवं प्रशासनिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाएगी।उद्घाटन अवसर पर विशेष कार्याधिकारी प्रो. राज शरण शाही और निदेशक डॉ. संदीप कुमार नायक भी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. संदीप कुमार नायक द्वारा अतिथियों के स्वागत से हुई।कुलपति प्रो. राज कुमार मित्तल ने कहा कि सैटेलाइट सेंटर के समग्र विकास के लिए विश्वविद्यालय निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने भविष्य में केंद्र के विस्तार के लिए कई अतिरिक्त आधारभूत संरचना संबंधी कार्य शीघ्र शुरू किए जाने की घोषणा की। इस दौरान सैटेलाइट सेंटर के ऊध्र्वाधर और समग्र विकास को लेकर विभिन्न परियोजनाओं पर चर्चा भी की गई।विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार प्रो. मित्तल के पिछले एक वर्ष के कार्यकाल में सैटेलाइट सेंटर में अनेक विकास कार्य सम्पन्न हुए हैं। इनमें 20 से अधिक व्याख्यान कक्षों तथा शैक्षणिक और प्रशासनिक कार्यालयों का नवीनीकरण, 60 संगणक प्रणालियों से युक्त संगणक केंद्र की स्थापना, 62 छात्राओं की क्षमता वाले छात्रावास का विकास, 125 सीटों वाले सभागार का नवीनीकरण तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं का विस्तार शामिल है।प्रो. राज शरण शाही ने शिक्षकों, विद्यार्थियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए भविष्य में नए शैक्षणिक कार्यक्रम शुरू करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में शिक्षक, कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

