अयोध्या 21 मई (आरएनएस)।। उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के अध्यक्ष विकास सिंह ने बृहस्पतिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लखनऊ में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान प्रदेश के कबड्डी खिलाडिय़ों की ओर से विभिन्न राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अर्जित पदकों एवं उपलब्धियों की जानकारी मुख्यमंत्री को दी गई। मुख्यमंत्री ने खिलाडिय़ों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनका हौसला बढ़ाया और कहा कि उत्तर प्रदेश के खिलाड़ी लगातार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं। उन्होंने खिलाडिय़ों को भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। भेंट के दौरान उत्तर प्रदेश में कबड्डी खेल के विकास, खिलाडिय़ों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं तथा ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने को लेकर भी चर्चा हुई। विकास सिंह ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रदेश के खिलाड़ी लगातार विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार खेल और खिलाडिय़ों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। इस अवसर पर विकास सिंह ने मुख्यमंत्री को अयोध्या पर्व कार्यक्रम की पुस्तक भी भेंट की तथा अयोध्या पर्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। बताया गया कि पिछले आठ वर्षों से दिल्ली में अयोध्या पर्व का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें समाज के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े शीर्ष नेतृत्व, साहित्यकार, कलाकार, सामाजिक कार्यकर्ता एवं प्रतिष्ठित व्यक्तित्व शामिल होते हैं। इस आयोजन के माध्यम से अयोध्या की सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का कार्य किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने अयोध्या पर्व के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम भारतीय संस्कृति और परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इस दौरान आशुतोष सिंह भी उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

