-गाटा संख्या-50 पर अवैध कब्जे का आरोप
अयोध्या 21 मई (आरएनएस)। सरकारी जमीन पर भूमाफियाओं के कब्जे का मामला फिर सामने आया है। श्री आदित्यनाथ गौ सेवा समिति ने जिलाधिकारी अयोध्या को शिकायती पत्र देकर मौजा काजीपुर चितावां की नवीन परती भूमि को कब्जामुक्त कराने की मांग की है। समिति के संरक्षक राजेश सिंह मानव/महंत संतदास ने पत्रांक एफएआई/08831/2024-25 के जरिए शिकायत की है कि गाटा संख्या-50, रकबा 0.3160 हेक्टेयर स्थित नवीन परती की सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का प्रयास किया जा रहा है। खतौनी फसली वर्ष 1428-1432 के खाता संख्या-93 में यह जमीन नवीन परती के खाते में दर्ज है। शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है कि मो. जावेद और रवि गुप्ता द्वारा उक्त सरकारी भूमि पर मोरंग, गिट्टी गिरवाकर कब्जा किया जा रहा है। साथ ही जमीन को अवैध रूप से बेचने का प्रयास भी किया जा रहा है। शिकायत में तीन मोबाइल नंबर 9452603580, 9793907700 व 6392198159 का भी जिक्र किया गया है। समिति ने जिलाधिकारी से मांग की है कि उक्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराया जाए और भू-माफियाओं से जमीन को बचाया जाए। पत्र के साथ संबंधित दस्तावेज भी संलग्न किए गए हैं। अयोध्या में नवीन परती, ग्राम समाज और सरकारी जमीनों पर कब्जे के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। तहसील सदर के काजीपुर चितावां का यह मामला भी उसी कड़ी में जुड़ गया है। अब देखना है कि जिला प्रशासन इस शिकायत पर कितनी तेजी से कार्रवाई करता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

