अयोध्या 21 मई (आरएनएस)। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान एवं पीएम सूर्यघर योजना की प्रगति की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अग्रणी बैंक जिला प्रबंधक, सहायक आयुक्त उद्योग, जिला उद्योग एवं उद्यमिता केंद्र अयोध्या सहित जनपद के विभिन्न बैंकों के 15 शाखा प्रबंधकों ने प्रतिभाग किया।
बैठक में प्रमुख रूप से भारतीय स्टेट बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, पंजाब नेशनल बैंक, एचडीएफसी बैंक तथा एक्सिस बैंक के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने दोनों जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत अब तक हुई प्रगति की विस्तार से समीक्षा की तथा उत्कृष्ट कार्य करने वाले शाखा प्रबंधकों की सराहना की। समीक्षा के दौरान कुछ बैंक शाखाओं में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान एवं पीएम सूर्यघर योजना के अंतर्गत अधिक संख्या में आवेदन लंबित पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित बैंक अधिकारियों से कारणों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को समयबद्ध रूप से योजनाओं का लाभ मिल सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री युवा उद्यमी अभियान युवाओं को स्वरोजगार से जोडऩे तथा आत्मनिर्भर बनाने की महत्वपूर्ण योजना है, वहीं पीएम सूर्यघर योजना आमजन को सस्ती एवं स्वच्छ ऊर्जा उपलब्ध कराने की दिशा में एक प्रभावी पहल है। उन्होंने बैंक प्रबंधकों को प्रेरित करते हुए कहा कि अधिकाधिक आवेदनों को स्वीकृत एवं वितरित कर जनपद अयोध्या को दोनों योजनाओं में अग्रणी बनाने में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

