-जल जीवन मिशन के प्रगति की हुई समीक्षा समीक्षा
अयोध्या। कलेक्ट्रेट सभागार अयोध्या में जिला पेयजल एवं स्वच्छता समिति की बैठक जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह सहित अधिशासी अभियंता जल निगम ग्रामीण, समस्त सहायक अभियंता, डीपीएमयू, टीपीआई तथा विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक में अधिशासी अभियंता अरविन्द यादव द्वारा जनपद में जल जीवन मिशन के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि जनपद में कुल 535 योजनाओं के सापेक्ष 337 योजनाएं पूर्ण की जा चुकी हैं, जिनमें से 272 योजनाओं का संचालन एवं अनुरक्षण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त 445 शिरोपरि जलाशयों का निर्माण कार्य पूर्ण कराया जा चुका है तथा शेष पर कार्य प्रगति पर है। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि 378 योजनाओं के अंतर्गत 762 राजस्व ग्रामों में नियमित जलापूर्ति की जा रही है। जिलाधिकारी ने सभी कार्यदायी संस्थाओं को निर्देशित किया कि शेष जलाशयों का निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण कर नियमित जलापूर्ति प्रारंभ कराई जाए। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन बिछाने के दौरान जिन सड़कों को क्षतिग्रस्त किया गया है, उनका तत्काल रेस्टोरेशन कराया जाए ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। बैठक में वीएसए-एससीएल कंपनी की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी व्यक्त की तथा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी सहायक अभियंताओं एवं अवर अभियंताओं को निर्देशित किया कि योजनाओं का नियमित निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित कराया जाए। जिलाधिकारी ने सभी एजेंसियों को निर्देश दिए कि पेयजल आपूर्ति में क्लोरीनयुक्त स्वच्छ पानी की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजना को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करते हुए जनपद के प्रत्येक घर तक नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

