उतर बस्तर कांकेर 21 मई (आरएनएस) तीन साल तक डर, धमकी और शारीरिक शोषण का दर्द झेल रही नाबालिग पीड़िता को आखिरकार इंसाफ की उम्मीद तब मिली जब कांकेर पुलिस ने दुष्कर्म के आरोपी सन्नी नाग उर्फ राजू को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। उत्तर बस्तर कांकेर के थाना सिटी कोतवाली क्षेत्र में सामने आए इस सनसनीखेज मामले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। पीड़िता की शिकायत के मुताबिक आरोपी सन्नी नाग पिता कृष्णा नाग उम्र 33 वर्ष निवासी टिकरापारा कांकेर ने 15 सितंबर 2022 की रात करीब 11:30 बजे उसके घर में घुसकर जबरदस्ती दुष्कर्म किया। आरोपी को पीड़िता के नाबालिग होने की पूरी जानकारी थी, इसके बावजूद वह लगातार उसे डरा-धमकाकर 05 मार्च 2026 तक शारीरिक शोषण करता रहा। मामला सामने आते ही पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू के मार्गदर्शन और एसडीओपी मोहम्मद मोहसिन खान के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रतीक बी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। पुलिस ने टिकरापारा क्षेत्र में दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया जिसके बाद उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 166/2026 के तहत धारा 64(1), 64(2)(m), 65(1) बीएनएस और 4, 6 पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पहले से मारपीट, जुआ एक्ट और अन्य मामलों में शामिल रहा है तथा उसके खिलाफ वर्ष 2019, 2021 और 2024 में भी अपराध दर्ज हैं। बहरहाल, कांकेर पुलिस की इस कार्रवाई ने साफ कर दिया है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध करने वालों के लिए अब बच निकलना आसान नहीं होगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

