रायगढ़ 21 मई (आरएनएस) हाईवे किनारे पान ठेले से लेकर जंगल की पगडंडियों तक अवैध शराब का धंधा चला रहे कारोबारियों पर रायगढ़ पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि तीन अलग-अलग थाना क्षेत्रों में ताबड़तोड़ रेड के बाद 31.155 लीटर शराब के साथ 3 आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच गए। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देश पर चल रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत 20 मई को भूपदेवपुर, पुसौर और लैलूंगा पुलिस ने आबकारी विभाग के साथ मिलकर एक के बाद एक कार्रवाई की। सबसे बड़ी कार्रवाई थाना भूपदेवपुर क्षेत्र के ग्राम चारभांठा में एनएच-49 किनारे संचालित पान ठेले और घर पर हुई, जहां अवैध शराब बिक्री की लगातार शिकायत मिल रही थी। थाना प्रभारी उप निरीक्षक संजय नाग और आबकारी उप निरीक्षक अंकित अग्रवाल की संयुक्त टीम ने दबिश देकर आरोपी दामोदर चौहान पिता बैसाखु चौहान उम्र 62 वर्ष निवासी चारभांठा के कब्जे से 15.155 लीटर अंग्रेजी और देशी शराब जब्त की, जिसमें हंटर और मेडुसा बीयर, गोवा स्पेशल व्हिस्की और यूनिक देशी मदिरा शामिल रही। शराब की कीमत 5840 रुपये बताई गई, जबकि आरोपी का एक साथी मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश जारी है। उधर पुसौर थाना क्षेत्र के तडोला चौक में पुलिस ने नरेश भाष्कर पिता सीताराम भाष्कर उम्र 34 वर्ष निवासी तडोला को 6 लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बेचते रंगे हाथ पकड़ा। वहीं लैलूंगा पुलिस ने जंगल मार्ग में घेराबंदी कर शनिराम पैंकरा पिता स्वर्गीय पैयराम पैंकरा उम्र 54 वर्ष निवासी माड़ो ग्राम पंचायत लोहड़ापानी को 10 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। तीनों मामलों में आरोपियों पर आबकारी एक्ट की धारा 34(2) और 59(क) के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया। रायगढ़ पुलिस का साफ संदेश है—अब अवैध शराब का धंधा करने वालों के लिए जिले में कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

