बॉलीवुड फिल्म द केरल स्टोरी 2 में उल्का गुप्ता ने अपने दमदार प्रदर्शन से लोगों का दिल जीत लिया था। फिल्म में वह एक पढ़ी-लिखी हिंदू महिला के किरदार में थीं, जो मुस्लिम युवक के झांसे में आकर धर्म बदल लेती है। अब वह एकदम अलग तरह का किरदार लेकर दर्शकों के बीच लौट रही हैं। उनकी आगामी फिल्म रजनी की बारात का ट्रेलर जारी कर दिया गया है, जो बिहार के दरभंगा शहर की पृष्ठभूमि पर बनी है।
आदित्य अमन द्वारा निर्देशित फिल्म का ट्रेलर रोमांस, कॉमेडी, और मेलोड्रामा से भरपूर है। कहानी रजनी (उल्का) के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी मनपंसद शादी के लिए किस्मत और समाज के नियमों को अपने हाथ में लेने का फैसला करती है। वह बारात का इंतजार नहीं करती, बल्कि खुद मोटरसाइकिल पर सवार होकर शादी करने निकल पड़ती है। पंचायत सीरीज वालीं अभिनेत्री सुनीता राजवार और जरीना वहाब भी फिल्म का हिस्सा हैं। फिल्म 29 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
एपीफ़ेनी एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माता तनाया आडारकर और तेज एच आडारकर हैं, जबकि निर्देशन आदित्य अमन ने किया है। फिल्म के एसोसिएट प्रोड्यूसर मोहसिन खान हैं। फिल्म में उल्का गुप्ता, कनिष्क, इशिता सिंह, सुनीता राजवार, जऱीना वहाब और अश्वथ भट्ट प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। फि़ल्म की शूटिंग बिहार के दरभंगा और मिथिलांचल के खूबसूरत लोकेशंस पर की गई है।
ट्रेलर लॉन्च के मौके पर अभिनेत्री उल्का गुप्ता ने कहा, रजनी एक ऐसी लड़की है जो अपने प्यार के लिए किसी भी हद तक जा सकती है। इस किरदार में इमोशन, कॉमेडी और पागलपन सब कुछ है। रजनी बिहार की एक ऐसी लड़की को रिप्रेजेंट करती है, जो अपने दिल की सुनती है और हर चुनौती का सामना करने का हौसला रखती है। इस रोमांटिक और इमोशनल कहानी में कॉमेडी और ड्रामा दर्शकों को बहुत इंट्रेस्टिंग अनुभव देगा।
फिल्म की निर्माता तनाया आडारकर ने कहा, रजनी की बारात सिर्फ एक लव स्टोरी नहीं है, बल्कि यह परिवार, रिश्तों, सपनों और एक लड़की के जुनून की कहानी है। हमने फिल्म को पूरी तरह देसी फ्लेवर और मनोरंजन के साथ बनाया है। ट्रेलर में जो अराजकता, कॉमेडी और ड्रामा दिखाई देता है, वह फिल्म का सिर्फ एक छोटा हिस्सा है। हमें विश्वास है कि दर्शक रजनी और उसकी इस अनोखी बारात से खुद को जोड़ पाएंगे। ‘रजनी की बारातÓ 29 मई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

