राजनांदगांव 22 मई (आरएनएस) अवैध शराब कारोबार पर पुलिस ने बड़ा वार करते हुए किराए के मकान में छिपाकर रखी गई 270 पौवा देशी शराब की खेप पकड़ ली और आरोपी को जेल भेज दिया। थाना लालबाग पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर ग्राम बरगा में दबिश देकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस को खबर मिली थी कि एक युवक भारी मात्रा में शराब जमा कर इलाके में खपाने की तैयारी कर रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश पटेल के नेतृत्व में टीम सक्रिय हुई और आरोपी के किराए के मकान की घेराबंदी कर तलाशी शुरू की गई। तलाशी के दौरान दो प्लास्टिक बोरियों में छिपाकर रखी गई 270 पौवा देशी प्लेन मदिरा सवा शेरा बरामद हुई, जिसकी कुल मात्रा 48.600 बल्क लीटर और कीमत करीब 21 हजार 600 रुपए बताई गई। मौके पर पकड़ा गया आरोपी अभिषेक कुमार यादव पिता मिथलेश कुमार यादव उम्र 25 वर्ष निवासी पेंड्री बस्ती हाल ग्राम बरगा थाना लालबाग जिला राजनांदगांव शराब रखने का कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार करते हुए न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। इस पूरी कार्रवाई को अंकिता शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर और नगर पुलिस अधीक्षक वैशाली जैन के निर्देशन में अंजाम दिया गया। कार्रवाई में एएसआई अश्वनी यदु, आरक्षक संतोष श्रीवास्तव, महिला आरक्षक कुंती कंवर, साइबर थाना के रामखिलावन सिन्हा समेत पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। बहरहाल, राजनांदगांव पुलिस ने साफ संकेत दे दिया है कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों के लिए अब जिले में कोई सुरक्षित ठिकाना नहीं बचा है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

