बस्तर 30 मई (आरएनएस) भानपुरी में अवैध शराब तस्करी पर पुलिस ने बड़ा प्रहार करते हुए एक शराब तस्कर को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। बिक्री के लिए ले जाई जा रही 30.425 बल्क लीटर अंग्रेजी शराब और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक्टिवा वाहन जब्त की गई है। कार्रवाई के बाद आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया।
जिला बस्तर में अवैध शराब बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 29 मई 2026 को थाना भानपुरी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति कत्था रंग की एक्टिवा क्रमांक CG17-KX-1688 में बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब लेकर बड़े आमाबाल की ओर से भानपुरी आ रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माहेश्वर नाग के निर्देशन और एसडीओपी भानपुरी प्रवीण भारती के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने बेडागुड़ा चौक पर घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम संजय कुमार गुप्ता उर्फ मोनू गुप्ता (35 वर्ष), पिता जोगेन्द्र प्रसाद गुप्ता, निवासी बाजार पारा भानपुरी बताया। वाहन की तलाशी लेने पर पुलिस ने किंग फिशर बीयर की 40 बोतलें, रॉयल स्टैग के 7 अध्धे और रॉयल चैलेंज के 10 पौवे बरामद किए। जब्त शराब की कुल मात्रा 30.425 बल्क लीटर और कीमत 12,940 रुपये आंकी गई, जबकि जब्त एक्टिवा की कीमत करीब 40 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस ने मौके पर शराब और वाहन को जब्त कर आरोपी के खिलाफ थाना भानपुरी में अपराध क्रमांक 59/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट में मामला दर्ज किया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। बस्तर पुलिस का कहना है कि अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। बहरहाल, भानपुरी की यह कार्रवाई साफ संकेत है कि अवैध शराब के कारोबार में लिप्त लोगों पर पुलिस की नजर लगातार बनी हुई है।

