दंतेवाड़ा 22 मई (आरएनएस) अब अपराधियों के लिए सबूत मिटाना आसान नहीं होगा, क्योंकि पुलिस को मिली है ऐसी आधुनिक मोबाइल फोरेंसिक वैन जो सीधे घटनास्थल पर पहुंचकर मिनटों में वैज्ञानिक जांच शुरू करेगी। जिले में अपराध जांच और न्याय प्रक्रिया को तेज करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 22 मई 2026 को आधुनिक मोबाइल फोरेंसिक वैन का शुभारंभ किया गया। दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी और नगरपालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता ने हरी झंडी दिखाकर इस हाईटेक वैन को रवाना किया।

इस मौके पर पुलिस अधीक्षक गौरव राय, एफएसएल जगदलपुर की संयुक्त संचालक अनुपमा मेश्राम और डीपीओ रजनीश टेकाम भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने बताया कि यह मोबाइल फोरेंसिक वैन हत्या, दुर्घटना, चोरी और अन्य गंभीर मामलों में घटनास्थल से तत्काल वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में बेहद अहम साबित होगी। अब पुलिस को शुरुआती जांच के लिए लंबा इंतजार नहीं करना पड़ेगा और मौके पर ही फिंगरप्रिंट, तकनीकी नमूने और अन्य फोरेंसिक साक्ष्य सुरक्षित किए जा सकेंगे। इस नई व्यवस्था से पुलिस जांच और कानूनी प्रक्रिया दोनों में तेजी आएगी। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन, वैज्ञानिक अधिकारी वसीम अकरम, मिनल साहू, एसडीओपी राहुल उइके, नसरूल्ला सिद्धकी, रक्षित निरीक्षक सुशील नौटियाल, कोतवाली प्रभारी धनंजय सिन्हा सहित पुलिस अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। गौरतलब है कि भारत सरकार द्वारा लागू नए कानूनों के प्रभावी पालन में भी यह मोबाइल फोरेंसिक वैन अहम भूमिका निभाएगी और अब दंतेवाड़ा में अपराध जांच का चेहरा पहले से ज्यादा तेज, वैज्ञानिक और मजबूत नजर आएगा।

