नईदिल्ली,23 मई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 67वें मैच में सनराइजर्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को 55 रन से हराते हुए अपनी 9वीं जीत दर्ज की। हैदराबाद में खेले गए मैच में मेजबान टीम ने पहले खेलते हुए 255/4 का स्कोर बनाया। सनराइजर्स हैदराबाद से ईशान किशन (79), हेनरिक क्लासेन (51) और अभिषेक शर्मा (56) ने अर्धशतक लगाए। जवाब में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम 200/4 का स्कोर ही बना सकी। मैच में बने रिकॉर्ड्स पर एक नजर डालते हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद से ट्रेविस हेड (26) जल्दी आउट हुए। इसके बाद अभिषेक, किशन और क्लासेन ने अर्धशतक लगाए। अंतिम ओवरों में नितीश रेड्डी ने 12 गेंदों में नाबाद 29 रन बनाते हुए टीम का स्कोर 250 के पार पहुंचाया। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से रासिख सलाम डार ने 2 विकेट लिए। जवाब में वेंकटेश अय्यर (44) की अच्छी शुरुआत के बाद कप्तान रजत पाटीदार (56) और क्रुणाल पांड्या (41*) ने संघर्ष किया, लेकिन जीत नहीं दिला सके।
अभिषेक ने मैच में 22 गेंदों का सामना किया और 56 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 4 चौके और 5 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 254.55 की रही। इस खिलाड़ी ने पहले विकेट के लिए ट्रेविस हेड के साथ सिर्फ 24 गेंदों में 45 रन जोड़ दिए। इसके बाद ईशान किशन के साथ मिलकर उन्होंने 26 गेंदों में 52 रन की साझेदारी निभाई। अभिषेक ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ आईपीएल में अपना पहला ही पचासा लगाया।
सनराइजर्स हैदराबाद ने जब 45 रन के स्कोर पर अपना पहला विकेट खोया, तब किशन क्रीज पर आए। अपनी शुरुआती 14 गेंदों में उन्होंने सिर्फ 16 रन बनाए थे। क्रीज में टिकने के बाद उन्होंने आक्रामक अंदाज अपनाया और 31 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया। उन्होंने क्लासेन के साथ मिलकर 48 गेंदों में 113 रन की साझेदारी की। वह 46 गेंदों में 8 चौकों और 3 छक्के की मदद से 79 रन की पारी खेली।
किशन ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ लगातार चौथा अर्धशतक लगाया। इस टीम के खिलाफ उनके पिछले 3 स्कोर क्रमश: 80, 94* और 69 रन है।
क्लासेन ने 24 गेंदों का सामना किया और 51 रन बनाए। उनके बल्ले से 2 चौके और 5 छक्के निकले। उनकी स्ट्राइक रेट 212.50 की रही। इस खिलाड़ी ने ईशान किशन के साथ मिलकर तीसरे विकेट के लिए सिर्फ 48 गेंदों में 113 रन जोड़ दिए। क्लासेन जब पवेलियन लौटे तब सनराइजर्स हैदराबाद का स्कोर 16.2 ओवर में 210/3 का था। इस संस्करण ये खिलाड़ी कमाल के फॉर्म में है और उन्होंने 600 रन भी पूरे किए।
क्लासेन सनराइजर्स हैदराबाद के लिए आईपीएल में 2,000 रन बनाने वाले 5वें बल्लेबाज बने। उन्होंने इस टीम के लिए अब तक 56 मुकाबले खेले हैं। इसकी 53 पारियों में 9 बार नाबाद रहते हुए 45.90 की औसत से 2,020 रन बनाए हैं। इस खिलाड़ी ने सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 2 शतक और 13 अर्धशतक लगाए हैं। क्लासेन से ज्यादा सनराइजर्स हैदराबाद के लिए केन विलियमसन (2,101), अभिषेक शर्मा (2,316), शिखर धवन (2,518) और डेविड वार्नर (4,014) ने रन बनाए हैं।
रजत ने 37 गेंदों का सामना कर अपना अर्धशतक पूरा किया। ये इस सीजन उनका चौथा पचासा रहा। उन्होंने अपने आईपीएल करियर में 13 अर्धशतक जड़े हैं। उन्होंने 39 गेंदों का सामना किया और 56 रन बनाकर आउट हुए। उनके बल्ले से 6 चौके और एक छक्का निकला। उनकी स्ट्राइक रेट 143.59 की रही। क्रुणाल के साथ उन्होंने 57 गेंदों में 84 रन की पारी खेली। हालांकि, वह अपनी टीम को जीत नहीं दिला पाए।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

