नई दिल्ली,23 मई (आरएनएस)। ट्विशा शर्मा डेथ केस में दूसरे पोस्टमार्टम को लेकर दिल्ली एम्स ने बड़ा बयान जारी किया है. एम्स दिल्ली के फॉरेंसिक मेडिसिन विभाग के प्रमुख डॉ. सुधीर गुप्ता ने कहा है कि संस्थान को मीडिया रिपोर्ट्स के जरिए कोर्ट के उस आदेश की जानकारी मिली है, जिसमें ट्विशा शर्मा के शव का दोबारा पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए गए हैं. फिलहाल शव एम्स भोपाल की मोर्चरी में रखा हुआ है.
डॉ. सुधीर गुप्ता के मुताबिक, जैसे ही एम्स दिल्ली को आधिकारिक आदेश प्राप्त होगा, उसके बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी. उन्होंने कहा कि या तो एम्स दिल्ली की डॉक्टरों की टीम भोपाल जाकर पोस्टमार्टम करेगी या फिर अगर शव को दिल्ली लाने की व्यवस्था होती है तो पोस्टमार्टम एम्स दिल्ली में किया जाएगा.
एम्स दिल्ली ने साफ किया है कि किसी भी स्थिति में उनकी फॉरेंसिक टीम न्याय के हित में आवश्यक कार्रवाई करेगी. इस बयान के बाद मामले को लेकर नई चर्चाएं तेज हो गई हैं और अब सबकी नजर कोर्ट के अगले निर्देशों और पोस्टमार्टम प्रक्रिया पर टिकी हुई है.
डॉ. सुधीर गुप्ता ने यह भी कहा कि इस मामले को लेकर लगातार मीडिया की ओर से सवाल पूछे जा रहे थे, जिसके बाद एम्स दिल्ली की ओर से यह आधिकारिक प्रतिक्रिया जारी की गई.
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

