महासमुंद, 18 जुलाईं (आरएनएस)। महासमुंद पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए कार के इंजन (बोनट) और डिक्की में छिपाकर ले जाया जा रहा 31.540 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस मामले में उत्तर प्रदेश के दो अंतर्राज्यीय गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। जब्त गांजे की कीमत 15.77 लाख रुपये तथा कार और मोबाइल सहित कुल जब्त संपत्ति की कीमत 20.52 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स के निर्देश पर जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान थाना कोमाखान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि उड़ीसा से छत्तीसगढ़ की ओर आ रही एक सफेद रंग की मारुति डिजायर कार (यूपी-92-एटी-9865) में गांजे की तस्करी की जा रही है।
सूचना के आधार पर पुलिस ने मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर थाना कोमाखान के सामने संदिग्ध कार को रोककर तलाशी ली। कार में सवार दो व्यक्तियों ने अपनी पहचान पंकज उदैनिया (33 वर्ष) निवासी जालौन (उत्तर प्रदेश) एवं अभय नागर (22 वर्ष) निवासी उरई, जालौन (उत्तर प्रदेश) के रूप में बताई।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने कार के बोनट और डिक्की में गांजा छिपाकर रखा था। तलाशी के दौरान पुलिस ने 31.540 किलोग्राम गांजा बरामद किया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे यह गांजा नुआपाड़ा (ओडिशा) से लेकर उत्तर प्रदेश ले जा रहे थे।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(2)(सी) एवं 29 के तहत अपराध क्रमांक 106/2026 दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है।
जब्त सामग्री
31.540 किलोग्राम अवैध गांजा (कीमत ?15,77,000)
मारुति डिजायर कार (कीमत ?4,50,000)
2 मोबाइल फोन (कीमत ?25,000)
कुल जब्त संपत्ति: ?20,52,000
महासमुंद पुलिस ने कहा कि जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे मामलों में संलिप्त आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

