लखनऊ 24 May, (Rns) : उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती भी अलग परीक्षा ले रही है. यूपी के कई शहरों में बिजली गुल होने की शिकायतों ने सीएम योगी आदित्यनाथ को भी नाराज कर दिया है.लखनऊ, कानपुर, अलीगढ़ समेत कई शहरों में अघोषित कटौती से परेशान लोग सड़कों पर आ गए. सीएम योगी ने स्थिति बिगड़ती देख आज बिजली मंत्री एके शर्मा समेत तमाम बड़े अधिकारियों संग बैठक बुलाई. सीएम योगी ने सख्त निर्देष दिए कि उत्तर प्रदेश के गांव हों या शहर, भीषण गर्मी के बाद भी लोगों को निर्बाध रूप से बिजली देने का काम किया जाए.
सीएम योगी ने कहा-बिना रुकावट मिले सबको बिजली
योगी आदित्यनाथ की इस विशेष बैठक में ऊर्जा मंत्री एके शर्मा, एमडी और चेयरमैन आशीष गोयल समेत तमाम अधिकारी मौजूद रहे. सीएम योगी ने कहा कि सभी को बढ़ती बिजली मांग के बीच उत्पादन क्षमता बढ़ाने और सभी इकाइयों को पूरी दक्षता से संचालित करने के निर्देश दिए हैं. सीएम योगी का साफ निर्देश है कि गांव हो या नगर, भीषण गर्मी में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए.
यूपी सीएम ने बैठक में ऊर्जा विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि बिलिंग और कलेक्शन क्षमता बढ़ाने की जरूरत है. ट्रांसमिशन नेटवर्क को और मजबूत व भरोसेमंद बनाने पर भी मुख्यमंत्री का जोर है. सीएम ने कहा कि फीडर वाइज मॉनीटरिंग करके जवाबदेही तय हो, शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें. सीएम योगी ने कहा कि इस वर्ष प्रदेश की पीक बिजली मांग 30,339 मेगावाट तक पहुंच गई है. योगी ने इसके साथ आंधी-तूफान के बावजूद विद्युत व्यवस्था बहाल रखने के लिए त्वरित रिस्पॉन्स सिस्टम सक्रिय रखने के निर्देश भी दिए हैं

