नई दिल्ली 24 may, (Rns) । हरियाणा के रोहतक के सेक्टर 34 स्थित एक साधारण से परिवार में इन दिनों खुशियों का माहौल है। ब्रिटेन में रहने वाले दहिया परिवार की खास उपलब्धि इसका कारण है।
परिवार के दो सदस्य परवीन रानी और उनके बेटे तुषार कुमार ब्रिटेन में मेयर चुने गए हैं। ये दोनों भारतीय मूल के पहले प्रवासी हैं, जिन्होंने लेबर पार्टी से जुड़कर सामुदायिक कार्यों के जरिए राजनीति में अपनी जगह बनाई है।
23 वर्षीय तुषार कुमार एल्स्ट्रे और बोरहमवुड टाउन काउंसिल के मेयर चुने गए हैं। वह ब्रिटेन में मेयर पद संभालने वाले भारतीय मूल के सबसे युवा व्यक्ति हैं। 20 साल की उम्र में ही काउंसलर चुने जाने के बाद तुषार के पास अब काफी अनुभव है।
किंग्स कॉलेज लंदन से राजनीति विज्ञान में स्नातक करने वाले तुषार अब यूनिवर्सिटी कॉलेज लंदन से मास्टर्स की पढ़ाई के साथ-साथ मेयर पद की जिम्मेदारियों को भी संभालेंगे।
सामुदायिक सेवा बनी राजनीति का रास्ता
टीओआई के अनुसार, तुषार के राजनीति में आने की कहानी काफी प्रेरणादायक है। उन्होंने स्कूल के दिनों से ही विभिन्न चैरिटी संस्थाओं के साथ काम करना शुरू कर दिया था। सामुदायिक कार्यों के प्रति उनके समर्पण को देखकर ही स्थानीय लोगों ने उन्हें चुनाव लड़ने की सलाह दी थी

