झारसुगुड़ा 24 may, (Rns) : ओडिशा के झारसुगुड़ा और सुंदरगढ़ से बेहद दुखद और चिंताजनक खबर सामने आई है। यहां 10वीं के श्राद्ध कर्म के दौरान आयोजित भोज खाने के बाद चार लोगों की मौत हो गई, जबकि करीब 25 लोग बीमार पड़ गए। शुरुआती जांच में फूड पॉइजनिंग को इस हादसे की वजह माना जा रहा है। दोनों जिलों में स्वास्थ्य विभाग और पुलिस की टीमें जांच में जुट गई हैं।
सबसे पहला मामला सुंदरगढ़ जिले के हेमगिरी ब्लॉक के नुआडीही गांव से सामने आया। यहां एक परिवार में 10वीं का श्राद्ध कार्यक्रम आयोजित किया गया था। गांव के कई लोग इस भोज में शामिल हुए थे और भोजन किया था। भोज खाने के कुछ समय बाद कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी। लोगों को उल्टी, दस्त और पेट दर्द जैसी समस्याएं होने लगीं। देखते ही देखते हालात गंभीर हो गए।
बीमार लोगों को तुरंत हेमगिरी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक इस घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 10 अन्य लोग गंभीर रूप से बीमार हो गए। प्राथमिक जांच में फूड पॉइजनिंग की आशंका जताई है। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है

