0-महानगर में अवैध निर्माण पर सख्त हुईं मंत्री अग्निमित्रा पाल
0-फलता की जीत को लोकतंत्र और आम जनता की जीत करार दिया
कोलकाता,24 मई (आरएनएस)। आज सुबह से अवैध निर्माणों के खिलाफ बड़े पैमाने पर बुलडोजर कार्रवाई जारी है। शहर के तिलजला, कसबा और बेलेघाटा समेत कई इलाकों में कथित अवैध इमारतों को तोड़ा जा रहा है। कसबा के बीबी चटर्जी स्ट्रीट स्थित अवैध निर्माण को गिराने की कार्रवाई का निरीक्षण करने पहुंचीं पश्चिम बंगाल की नगर एवं शहरी विकास मंत्री अग्निमित्रा पाल ने सख्त चेतावनी दी। मंत्री ने कहा कि जिन अधिकारियों और कर्मचारियों की जिम्मेदारी अवैध निर्माणों पर नजर रखने की थी, उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जहां-जहां अवैध निर्माण हुए हैं, वहां जिम्मेदार लोगों को बख्शा नहीं जाएगा। जिन लोगों ने इमारतें बनाईं, पैसा लगाया, डेवलपर या प्रमोटर के रूप में जुड़े रहे, सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी। आज जिन अवैध निर्माणों पर कार्रवाई की गई, उनमें कुछ का संबंध कथित तौर पर सोना पप्पू और कुछ का संबंध राजू नस्कर से बताया जा रहा है। मंत्री ने जानकारी दी कि कुल छह अवैध निर्माणों को लेकर नोटिस जारी किए गए थे। बीबी चटर्जी स्ट्रीट स्थित 143 नंबर भवन को पूरी तरह अवैध बताते हुए अग्निमित्रा पाल ने कहा कि यह निर्माण सोना पाप्पू का है। उन्होंने बताया कि सोना पप्पू को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। मंत्री ने आरोप लगाया कि सामने किसी और का नाम हो सकता है, लेकिन इसके पीछे कुख्यात अपराधी सोना पाप्पू का हाथ है। इसी तरह कुछ निर्माण राजू नस्कर से जुड़े हैं, जो तृणमूल कांग्रेस के करीबी बताए जाते हैं।
मंत्री ने कहा कि जिन निर्माणों को लेकर सवाल उठे हैं, उन्हें पहले नोटिस भेजकर जवाब मांगा गया था। संबंधित पक्षों से कोई संतोषजनक जवाब नहीं मिलने के बाद पुलिस और नगर निगम की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई।
अग्निमित्रा पाल ने कहा कि पिछली सरकार के संरक्षण में प्रशासन को चुनौती देकर जिन्होंने अवैध निर्माण किए, उन सभी के खिलाफ कार्रवाई होगी। सरकार कानून के दायरे में रहकर ही कदम उठा रही है और आगे भी उठाएगी। वहीं दक्षिण 24 परगना जिले की फलता सीट पर मिली जीत को लेकर राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पाल ने लोकतंत्र और आम जनता की जीत बताया है। उन्होंने कहा कि यह जीत फलता की माताओं-बहनों और आम लोगों की जीत है, जिन्होंने भारी संख्या में मतदान कर बदलाव का संदेश दिया। अग्निमित्रा पाल ने कहा, कुछ लोग कह रहे थे कि ‘पुष्पा झुकेगा नहींÓ, लेकिन असल में पुष्पा झुकता-झुकता भाग गया। यह जनता की ताकत है। उन्होंने बताया कि करीब 88 प्रतिशत मतदान यह दर्शाता है कि जनता ने बढ़-चढ़कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिस्सा लिया और परिवर्तन के पक्ष में मतदान किया।
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

