बिलासपुर, 25 मई (आरएनएस)। बिलासपुर में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाला सनसनीखेज मामला सामने आया है। झारखंड की रहने वाली एक महिला ने अपने प्रेमी और उसके साथियों के साथ मिलकर अपने ही पति की बेरहमी से हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को सिरगिट्टी रेलवे ट्रैक किनारे झाडिय़ों में फेंक दिया गया। कई दिनों बाद जब झारखंड पुलिस महिला को लेकर बिलासपुर पहुंची, तब सड़ी-गली लाश बरामद हुई।
पुलिस के मुताबिक, झारखंड के सिमडेगा निवासी पूनम लोमगा की चार साल पहले फेसबुक के जरिए सुगड़ टोपनो से दोस्ती हुई थी। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। कुछ समय पहले पूनम अपने पति और बच्चों को छोड़कर प्रेमी के साथ भाग गई थी, लेकिन 15 दिन बाद वापस घर लौट आई। घर लौटने के बाद उसने प्रेमी संग मिलकर पति विनोद लोमगा को रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली।
योजना के तहत प्रेमी सुगड़ टोपनो अपने दोस्तों के साथ बिलासपुर पहुंचा और विनोद को फोन कर 10 हजार रुपए देने तथा पत्नी को छोड़ देने का झांसा दिया। विनोद पत्नी पूनम के साथ 19 मई को बिलासपुर के सिरगिट्टी पहुंच गया। बताया जा रहा है कि सभी लोग रेलवे ट्रैक किनारे सुनसान इलाके में पहुंचे, जहां पहले विनोद के साथ मारपीट की गई। इसके बाद महिला के दुपट्टे से उसका गला दबाया गया और फिर चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी गई। आरोपी शव को झाडिय़ों और कीचड़ में फेंककर झारखंड फरार हो गए। जब विनोद घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। मोबाइल लोकेशन और पूछताछ के आधार पर पुलिस को पूनम पर शक हुआ। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने पूरा राज उगल दिया। 24 मई को झारखंड पुलिस पूनम को लेकर बिलासपुर पहुंची और सिरगिट्टी पुलिस की मदद से रेलवे ट्रैक के पास झाडिय़ों से विनोद का शव बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके प्रेमी और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

