नईदिल्ली,25 मई। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का प्लेऑफ का रास्ता साफ हो गया है, क्योंकि राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ में पहुंचने वाली चौथी टीम बन गई है. उन्होंने अपने आखिरी लीग मैच में मुंबई इंडियंस को उन्हीं के घर में 30 रनों से हरा दिया है. इसके साथ पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई.
वानखेड़े में खेले गए मैच में राजस्थान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 208 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया. जवाब में मुंबई की टीम 20 ओवर में 9 विकेट के नुकसान पर 175 रन ही बना सकी.
राजस्थान की तरफ से जायसवाल (27), जुरेल (38), शानाका (29) और जोफ्रा आर्चर ने (32) रनों का योगदान दिया. वहीं गेंदबाजी में जोफ्रा सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 4 ओवर में केवल 17 रन देकर 4 विकेट हासिल किए. इसके अलावा बर्गर, शर्मा और पंजा को 2-2 विकेट मिले.
वहीं मुंबई की तरफ से सूर्यकुमार यादव ने सबसे ज्यादा 60 रनों की पारी खेली. इसके अलावा विल जैक्स 33 और कप्तान पांड्या ने 34 रन बनाए, लेकिन अपनी टीम को जीत नहीं दिला सके. गेंदबाजी में दीपक चाहर और शार्दुल ठाकुर ने 2-2 विकेट लिए, जबकि जैक्स, गजनफर और बॉश को एक-एक विकेट मिला.
इस जीत के साथ राजस्थान के 14 मैच में 8 जीत के साथ 16 अंक हो गए हैं. जबकि पंजाब के 15 अंक ही हैं और अगर केकेआर अपना आखिरी मैच जीत जाती है तो उसके भी 15 पॉइंट्स ही होंगे.
आईपीएल 2026 प्लेऑफ की तस्वीर अब साफ हो गई है. 16 अंकों के साथ, राजस्थान रॉयल्स प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई करने वाली चौथी टीम बन गई है. वहीं डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर, गुजरात टाइटन्स और सनराइजर्स हैदराबाद पहले ही प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर चुके हैं. पॉइंट्स टेबल में, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर पहले स्थान पर, गुजरात टाइटन्स दूसरे स्थान पर और सनराइजर्स हैदराबाद तीसरे स्थान पर हैं. तीनों टीमों के अंक 18 हैं. लेकिन रन रेट में आरसीबी सबसे ऊपर है. उसके बाद गजरात और फिर हैदराबाद है.
अब, आईपीएल 2026 का क्वालिफ़ायर-1 मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटन्स के बीच 26 मई (मंगलवार) को खेला जाएगा. उस मैच का विजेता सीधे फाइनल में प्रवेश करेगा. वहीं, क्वालिफायर-1 में हारने वाली टीम को क्वालिफायर-2 में खेलने का एक और मौका मिलेगा. सनराइजर्स हैदराबाद और राजस्थान रॉयल्स के बीच होने वाला एलिमिनेटर मैच जीतने वाली टीम क्वालिफायर-2 में प्रवेश करेगी. उसके बाद, क्वालिफायर-2 का विजेता खिताब के लिए फाइनल मैच में क्वालिफायर-1 के विजेता से भिड़ेगा.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

