० डॉ. चरण दास महंत से सार्वजनिक माफी की मांग
एमसीबी/मनेन्द्रगढ, 25 मई (आरएनएस)। जगद्गुरु स्वामी रामभद्राचार्य जी के प्रति की गई कथित अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला एमसीबी में भारी आक्रोश व्याप्त है। भाजयुमो ने इस बयान को ना केवल एक पूज्य संत का अपमान बताया बल्कि इसे संपूर्ण हिंदू समाज की आस्था और सनातन संस्कृति पर सीधा आघात करार दिया है।
भारतीय जनता युवा मोर्चा जिला एमसीबी ने जारी बयान में उक्त टिप्पणी की कड़ी निंदा करते हुए इसे दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय बताया है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष अंकित शर्मा ने कहा कि चरण दास महंत को तत्काल अपना बयान वापस लेकर सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिये। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र ही इस प्रकार की आपत्तिजनक टिप्पणी वापस नहीं ली जाती तो भारतीय जनता युवा मोर्चा लोकतांत्रिक तरीके से व्यापक आंदोलन करने के लिये बाध्य होगा।
अंकित शर्मा ने आगे कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा संतों के सम्मान, सनातन संस्कृति और हिंदू समाज की गरिमा की रक्षा के लिये सदैव प्रतिबद्ध है और किसी भी प्रकार का अपमान सहन नहीं किया जायेगा। उन्होंने कहा कि देश की संत परंपरा भारतीय संस्कृति की आत्मा है और संतों के प्रति अपमानजनक भाषा का प्रयोग किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता। जारी बयान में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने समाज के सभी वर्गों से संतों के सम्मान और सामाजिक सौहार्द बनाये रखने की अपील भी की है।
०
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

